- पश्चिमी, द्वारका और बाहरी जिला पुलिस ने अपने क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के खिलाफ की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की पश्चिम परिक्षेत्र ने नशे और अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ एक विशेष मुहिम चलाया है। ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने 260 अफ्रीकी नागरिकों को पकड़ा है। अभियान में पश्चिम, द्वारका और बाहरी जिले की पुलिस शामिल रही। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और 14सी विदेशी अधिनियम के तहत 26 मामले और 25 से ज्यादा मकान मालिकों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। आरोपियों के दस्तावेजों का सत्यापन के साथ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
पश्चिमी परिक्षेत्र के संयुक्त आयुक्त जतिन नरवाल ने बताया कि पश्चिम परिक्षेत्र के सभी थाना पुलिस ने 9 नवंबर को नशे के कारोबार और अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिसकर्मियों ने द्वारका जिले के चार थाने, पश्चिम के दो और बाहरी जिले के एक थाने इलाके में उन घरों में दबिश दी जहां विदेशी नागरिक रहते थे। पुलिस ने पकड़े गए विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों का सत्यापन किया। पुलिस अधिकारी ने बताया 185 नागरिकों के पास से वैध कागजात नहीं मिले, वहीं 75 ऐसे नागरिकों को पकड़ा गया, जिनके खिलाफ पहले से मामले दर्ज हैं।
संयुक्त आयुक्त के मुताबिक पुलिस उपायुक्तों के नेतृत्व में कुल 30 टीमें बनाई गई। करीब छह सौ पुलिस कर्मियों की टीम ने बिंदापुर, डाबरी, उत्तम नगर, मोहन गार्डन, तिलक नगर और निहाल विहार के क्षेत्रों में अवैध रूप से रहने वाले या निर्धारित समय से अधिक समय तक रहने वाले विदेशी नागरिकों के खिलाफ कड़ी प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया और उनके कमरे की तलाशी ली। इस दौरान कई नागरिकों के पास से मादक पदार्थ मिले। द्वारका जिले के विभिन्न स्थानों से टीमों ने 210, तिलक नगर की टीम ने 45 और बाहरी जिले की टीम ने 21 अफ्रीकी नागरिकों को पकड़ा।
मकान मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई
जिन घरों में अफ्रीकी नागरिक अवैध रूप से रह रहे थे, उन मकान मालिकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई। कुछ अफ्रीकी नागरिकों के पास वैध वीजा पासपोर्ट पाए गए। सत्यापन के बाद ऐसे अफ्रीकी नागरिकों को रिहा कर दिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मकान मालिकों ने बिना सत्यापन के विदेशी नागरिकों को किराए पर मकान दिया था। ऐसे 20 मकान मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अफ्रीकी नागरिकों के बीच हुई झड़प
इस अभियान के दौरान अफ्रीकी नागरिकों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए झगड़ा करने लगे। ऐसे में पुलिस ने 49 अफ्रीकी नागरिकों के खिलाफ 126/170 बीएनएसएस के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की।
185 नागरिकों का निर्वासन करने की प्रक्रिया शुरू
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पकड़े गए 185 नागरिक वीजा अवधि खत्म होने के बाद भारत में अवैध रूप से रह रहे थे। इन नागरिकों को क्षेत्रीय विदेशी पंजीकरण कार्यालय में पेश किया। जहां से इन्हें उनके देश में निर्वासित करने के निर्देश दिए गए।