पुलिस ने बताया कि दिल्ली से एक बस प्रयागराज महाकुंभ में जा रही थी। बस में करीब 36 यात्री सवार थे। जीरो प्वाइंट से होकर बस यमुना एक्सप्रेसवे पर जा रही थी। जब जीरो प्वाइंट से 26 किमी चलने के बाद बस रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में पहुंची तो अचानक बस का एक्सल टूट गया। एक्सल टूटने के बाद बस अनियंत्रित हो गई और एक्सप्रेसवे के किनारे रेलिंग से टकराने के बाद पेड़ से टकरा गई।
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची रबूपुरा कोतवाली पुलिस ने यात्रियों की मदद की। एसीपी-4 सार्थक सेंगर ने रबुपुरा थाना प्रभारी व अन्य पुलिस कर्मियों के साथ यात्रियों की मदद की। उनको खाना और पानी उपलब्ध कराया। उसके बाद दूसरी बस की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं को सकुशल महाकुंभ के लिए रवाना किया।