मुखर्जी नगर इलाके में कारोबारी की बुजुर्ग मां को नशीला पदार्थ खिलाकर नौकरानियों ने घर से लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत में सुधार है।
नौकरानियों को प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से 10 दिन पहले ही काम पर रखा गया था। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने नशीला पदार्थ खिलाकर चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, टैगोर पार्क इलाके में ऑटोमोबाइल कारोबारी चंद्रमोहन शर्मा (46) अपने पिता बालकिशन शर्मा, मां कमलेश शर्मा, पत्नी डिंपल शर्मा और अन्य परिजनों के साथ रहते हैं। उनका दिल्ली और हरियाणा के गुरुग्राम, कुंडली और करनाल में कारोबार है। शनिवार सुबह चंद्रमोहन पिता के साथ कार्यालय चले गए।
दोपहर करीब ढाई बजे पत्नी ने फोन कर उन्हें बताया कि मां बेहोश हालत में बेड पर हैं और दोनों नौकरानी गायब हैं। घर की आलमारियां खुली पड़ी हैं। इसके बाद डिंपल शर्मा ने सास को पास के अस्पताल में भर्ती कराया।
सूचना के बाद चंद्रमोहन शर्मा अस्पताल पहुंचे और फिर घर गए। घर में सारा सामान बिखरा था। उन्होंने तुरंत जानकारी मुखर्जी नगर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
चंद्रमोहन ने पुलिस को बताया कि पुरानी नौकरानी के जाने के बाद उन्होंने फ्रेंडस कॉलोनी स्थित प्लेसमेंट एजेंसी से 10 दिन पहले कुशलता और तीन दिन पहले सीता (32) को माता-पिता की देखरेख के लिए रखा था।
दोनों मूलत: नेपाल की रहने वाली थीं। उन्होंने बताया कि नौकरानियों ने घर के अलमारी से पांच लाख रुपये नकद और लाखों के जेवरात चोरी किए हैं।
उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी पुलिस को सौंपी है, जिसमें नौकरानियों की तस्वीर है। पुलिस प्लेसमेंट एजेंसी संचालकों से पूछताछ कर नौकरानियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।