सात माह से लापता बिजनौर जिले के गांव मेवाजट निवासी गाड़ी चालक नितिन की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव नहर में बहा दिया। चालक की प्रेमिका ने हत्या की साजिश रची।
महिला के पति को उनके प्रेम प्रसंग की जानकारी हो गई थी। थाना बादलपुर पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए प्रेमिका समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। महिला के पति की करीब एक माह पहले बीमारी से मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मेवाजट गांव निवासी नितिन छपरौला के पास दीप विहार कॉलोनी में रहता था। वह रामप्रकाश की टाटा 407 गाड़ी चलाता था। नितिन का रामप्रकाश की पत्नी रीना उर्फ पूजा से प्रेम प्रसंग हो गया। दोनों के अवैध संबंध होने पर रामप्रकाश को पता लग गया, जिसका उसने विरोध किया।
रीना ने बदनामी के डर से नितिन को मारने की साजिश बनाई। 24 जुलाई 2015 को नितिन को किसी बहाने गाड़ी लेकर बुलाया। रामप्रकाश, धर्मवीर, ऋषिपाल और रामबाबू गांव आकलपुर की नहर पर उसे ले गए। वहां गला दबाकर उसकी हत्याकर शव नहर में बहा दिया।
नितिन का परिजनों से संपर्क नहीं होने पर छपरौला आकर रामप्रकाश से जानकारी ली लेकिन कोई जानकारी उन्हें को नहीं दी। नितिन के पिता बाबूराम ने रामप्रकाश और उसके परिवार पर संदेह जाहिर करते हुए बादलपुर पुलिस से शिकायत की। आरोपी परिवार पहले ही नितिन के नौकरी छोड़कर जाने की बात कर रहे थे।
पुलिस ने नितिन के बारे में आसपास कॉलोनी के लोगों से जानकारी की तो उसके गायब होने की बात सामने आई। बादलपुर पुलिस ने शनिवार शाम धूममानिकपुर पुलिस चौकी से धर्मवीर, रीना, रामबाबू और ऋषिपाल को गिरफ्तार किया। महिला पूजा के पति रामप्रकाश की बीमारी के चलते 10 जनवरी को मौत हो गई।