अगले महीने 14 जून से पहले मामूरा चौराहा, सेक्टर-66 के थोड़ा आगे से साईं मंदिर सेक्टर-61 तक का रास्ता बंद कर दिया जाएगा। सेक्टर-60 फ्लैक्स अंडरपास के निर्माण के कारण यह रास्ता बंद किया जाएगा। प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक, इसी रास्ते पर दोनों ओर की सड़क पर सर्विस रोड से ट्रैफिक चलाया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि फ्लैक्स अंडरपास को इस साल दिसंबर के अंत तक पूरा करके ट्रैफिक के लिए खोलने का लक्ष्य है। अंडरपास एक ओर मामूरा चौक, सेक्टर-66 की ओर से और दूसरी ओर साई मंदिर, सेक्टर-61 की तरफ खुलेगा।
इस रास्ते पर मेट्रो का भी काम चल रहा है। रोड पर दोनों तरफ से जहां से रास्ता बंद किया जाएगा, वहीं सर्विस रोड के साथ एक अस्थायी गोल चक्कर की व्यवस्था की जाएगी। इससे सर्विस रोड से होते हुए शॉप्रिक्स मॉल सेक्टर-61 और सेक्टर-66, 65 होते हुए 78 की ओर जाने वाला ट्रैफिक भी घूम कर निकल सके।
15 अगस्त को खुल जाएगा मॉडल टाउन अंडरपास
मॉडल टाउन तिराहे पर नोएडा से इंदिरापुरम के बीच अंडरपास बनाने का काम चल रहा है। यह अंडरपास आगामी 15 अगस्त को लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। हालांकि, पहले इसे जुलाई में खोलने की योजना थी। इसे बनाने के लिए पुश बैक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। एनएच-24 के नीचे मशीन केजरिये मिट्टी खिसकाई जाती है और स्लैब डाल दिया जाता है।