चांदनी चौक लोकसभा सीट के विधानसभा क्षेत्र-20 के बूथ नंबर 32 पर 19 मई को दोबारा मतदान होगा। मतदान की शुरुआत रविवार सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक जारी रहेगा। मॉक पोल में किए गए वोट को डिलीट न करने की वजह से दोबारा मतदान होगा। मॉक पोल के दौरान हुई इस चूक के लिए जिम्मेवार अधिकारियों पर कार्रवाई के भी आदेश सीईओ ने दे दिए हैं। इस बूथ पर मतदाताओं के पंजीकरण के दौरान भी कुछ कमियां मिली थीं।
12 मई को हुए मतदान से पहले किए गए मॉक पोल के दौरान 50 वोट किए गए। लेकिन मॉक पोल के बाद रविवार को मतदान शुरू होने से पहले इस डाटा को डिलीट नहीं किया गया, नतीजतन मतदाताओं की संख्या में फर्क होने की शिकायत चुनाव आयोग को दी गई। इस संबंध में रिपोर्ट मिलते ही चुनाव आयोग ने दोबारा मतदान के निर्देश दे दिए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह ने बताया कि रविवार को विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर-32 पर दोबारा मतदान होगा। इस मामले में हुई लापरवाही के लिए संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई के भी आदेश दिए गए हैं। एक पोलिंग बूथ पर करीब 1200 मतदाता हैं। दोबारा मतदान की सूचना प्रत्याशियों के साथ साथ मतदाताओं को भी दी जा रही है।
पंजीकरण भी अनियमितता की शिकायत
मॉक पोल के दौरान बरती गई लापरवाही सहित चांदनी चौक की इस बूथ पर मतदाताओं के पंजीकरण में भी अनियमितता की सीईओ कार्यालय को शिकायत मिली थी। स्क्रूटनी के दौरान सभी पहलुओं की बारीकी से हुई छानबीन के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की गई है।