-डीयू ने जारी किए पहले राउंड के न्यूनतम एलोकेशन स्कोर
-इस स्कोर से पता चला कि किस कॉलेज और किस कोर्स के लिए सबसे कम और सबसे ज्यादा अंक लगे
-कुछ लोकप्रिय कोर्स में 800-900 से ज्यादा अंक पर सीट मिली
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक दाखिले के लिए पहला सीट आवंटन के बाद पहले राउंड के न्यूनतम एलोकेशन स्कोर जारी किए गए हैं। कुछ लोकप्रिय कोर्स में 800 से ज्यादा अंक पर सीट मिली, जबकि कुछ कोर्स में 100 से कम अंक पर भी दाखिला हो गया।
पहले राउंड में सबसे कम न्यूनतम एलोकेशन स्कोर 64.01 रहा। यह केशव महाविद्यालय में बीएससी ऑनर्स इलेक्ट्रॉनिक्स (एसटी श्रेणी) के लिए दर्ज किया गया। पहले राउंड में सबसे ज्यादा न्यूनतम एलोकेशन स्कोर 958 रहा। यह हिंदू कॉलेज में बीए ऑनर्स राजनीति विज्ञान (सामान्य वर्ग) के लिए दर्ज किया गया। वहीं बीए प्रोग्राम इतिहास-राजनीति विज्ञान में 946, बीकॉम ऑनर्स में 919.8738 रहा।
वहीं मिरांडा हाउस बीए प्रोग्राम(अर्थशास्त्र-राजनीति विज्ञान) संयोजन में 911.2041 न्यूनतम एलोकेशन स्कोर है। यानि इससे ऊपर स्कोर वालों को ही सीट आवंटित हुई होगी। एसआरसीसी में बीकॉम ऑनर्स में सामान्य वर्ग के छात्रों को 924.3009 स्कोर पर और इकोनॉमिक्स में 897.4357 से अधिक अंक पर सीट मिली। हंसराज कॉलेज में बीकॉम ऑनर्स की सीट 907.5044 से अधिक अंक पर मिली है। लेडी श्रीराम कॉलेज में साइकोलॉजी,इंग्लिश और बीकॉम ऑनर्स के लिए भी 850 से अधिक अंक लगे।
हंसराज कॉलेज, किरोड़ीमल कॉलेज, रामजस कॉलेज, गार्गी कॉलेज, जीसस एंड मैरी और दौलत राम कॉलेज के कई लोकप्रिय कोर्स में भी 800 या उससे अधिक अंक पर सीटें आवंटित हुईं। किरोड़ीमल कॉलेज में बीए ऑनर्स राजनीति विज्ञान में 905 अंक से ऊपर वालों को सीट आवंटित हुई। जीसस एंड मैरी कॉलेज में साइकोलॉजी ऑनर्स में 900.7395 से ऊपर अंक वालों को सीट मिली।
पहले राउंड के आंकड़ों से साफ है कि कंप्यूटर साइंस, कॉमर्स, राजनीति विज्ञान, इतिहास, इकोनॉमिक्स और साइकोलॉजी जैसे लोकप्रिय कोर्स में इस बार भी कड़ी प्रतिस्पर्धा रही।