इंडिया गेट से 28 सितंबर को खोई तीन साल की जाह्नवी मिल गई है। टीवी रिपोर्ट्स के अनुसार जाह्नवी रविवार शाम पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में पाई गई। जाह्नवी जनकपुरी बाजार के पास वाले गार्डन में मिली।
इसके बाद उसके परिजनों ने उसकी पहचान की और अब वह अपने परिवार के साथ ही है। जाह्नवी अपने माता-पिता के साथ 28 सितंबर को इंडिया गेट घूमने गई थी, जहां वह गायब हो गई थी।
जाह्नवी की जानकारी देने वाले को 50 हजार इनाम दिए जाने की पुलिस की घोषणा के कुछ घंटों बाद ही जाह्नवी को जनकपुरी से बरामद किया गया।
मुंडे सिर और गले में झूलती तख्ती के साथ पाई गई जाह्नवी
स्पेशल कमिश्नर दीपक मिश्रा ने इस बात की पुष्टि की है कि जाह्नवी रात करीब 8 बजे मिल गई थी। हालांकि ये बात अभी स्पष्ट नहीं हुई है कि अपहरण हुआ था और चारों तरफ से पड़ रहे दबाव के कारण कोई उसे छोड़ गया। गौरतलब है कि स्थानीय लोगों ने उसके होने की जानकारी पुलिस को दी थी।
जानकारी के अनुसार जाह्नवी जनकपुरी मार्केट के लाजवंती गार्डन के पास मिली। उस वक्त उसके गले में एक तख्ती झू्ल रही थी, जिसपर लिखा था 'मेरा नाम जाह्नवी है' और उसका सिर मुंडा हुआ था। उस तख्ती पर जाह्नवी के पिता का फोन नंबर भी लिखा था।
सोशल मीडिया ने निभाई बड़ी भूमिका
एक हफ्ते से बेटी की तलाश में फिर रहे जाह्मवी के माता-पिता उसके घर आने से काफी खुश हैं। जाह्नवी के पिता ने कहा कि पुलिस ने बहुत अच्छा काम किया है। उसने कहा कि उसे नहीं मालूम कि उसकी बच्ची का अपहरण हुआ था या नहीं।
उसने मीडिया को भी काफी धन्यवाद दिया जिसने इस मुद्दे को आगे बढ़ाया और उसकी बच्ची आज वापस घर पर है। पिछले हफ्ते जाह्नवी के लापता हो जाने के बाद से ही सोशल मीडिया पर उसके फोटो और लापता होने की खबर वायरल हो गई थी।
लोगों के बीच में पैम्फलेट और पोस्टर आदि बांटने के साथ ही उसकी तस्वीर को बसों और अन्य वाहनों पर चस्पा भी किया गया था। पुलिस का कहना है कि जाह्नवी के मिलने में सोशल मीडिया ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई है।