स्नैपडील कंपनी की मैनेजर दीप्ति के अगवा होने की घटना के बाद गुडग़ांव कमिश्ररी की पुलिस ने मैक्स लाइफ बीमा कंपनी के एचआर मैनेजर के मामले को गंभीरता से लिया। छानबीन कर उसकी लोकेशन मुंबई में ट्रेस की गई है।
पुलिस के अनुसार, युवती की गुरुवार की रात मां से बात हुई और गोवा जाने की जानकारी दी है। मां से बात करने के बाद युवती ने फिर से मोबाइल बंद कर लिया। पुलिस एचआर मैनेजर को वापस लाने का प्रयास कर रही है।
जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामला प्रकाश में आने के बाद एचआर मैनेजर की कंपनी से पूरी जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि आठ फरवरी को ही युवती ने कंपनी में एचआर मैनेजर के पद पर ज्वाइन किया है। ऐसे में युवती की अधिक लोगों से जान पहचान नहीं थी।
भाई करने लगा आनाकानी
दूसरी ओर, युवती के भाई से कंपनी अधिकारियों के साथ बैठक कर बातचीत करने को कहा गया, जिससे वह आनकानी करने लगा। जिस पर पुलिस को शक हो गया। जांच में पता चला कि युवती की प्रिंस पाठक नामक एक युवक से दोस्ती है।
16 फरवरी को दोपहर का लंच करने के बाद युवती कंपनी में दोबारा नहीं आई, क्योंकि उसका लंच बाक्स कंपनी में रखा हुआ था। अधिकारी ने बताया कि जांच में आए प्रिंस और युवती के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाकर जांच की गई। जिसमें लोकेशन मुंबई में मिली है।
दूसरी ओर युवती ने अपनी मां से फोन पर मुंबई में होने की बात कही और कहा कि वह गोवा जाने वाली है। पुलिस के अनुसार युवती के भाई ने बताया कि आरोपी प्रिंस शादी शुदा है और उसका पिता दिल्ली से डीसीपी पद से रिटायर्ड है। उन्होंने कहा कि प्रिंस के पिता की जानकारी ली जा रही है। जिससे कि आरोपी की पूरी जानकारी ली जा सके।
प्रिंस की पत्नी भी एचआर मैनेजर के घर जा चुकी है। ऐसे में अब युवती को घर वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरी ओर, पुलिस ने युवती से संबंधित जानकारी सोशल मीडिया पर भी दे दी है।
क्या है पूरा मामला
पांच दिन का लिया अवकाश
पुलिस के अनुसार, एचआर मैनेजर ने कंपनी को ईमेल भेजकर पांच दिन का अवकाश मांगा है। जिसमें युवती ने बताया कि पारिवारिक वजहों से वह पांच दिन तक कंपनी नहीं पहुंच पाएगी। इससे कंपनी प्रबंधन ने भी राहत की सांस ली है। बताया जा रहा है कि आठ फरवरी को कंपनी ज्वाइन की थी।
-क्या है मामला
बता दें कि दिल्ली के पीतमपुरा की रहने वाली 29 वर्षीय यह युवती बीमा कंपनी मैक्स लाइफ के गुडग़ांव में डीएलएफ फेज दो स्थित कार्यालय में बतौर एचआर मैनेजर काम करती है। युवती की मां ने बताया है कि 16 फरवरी को पीतमपुरा से सुबह आठ बजे ऑफिस आई। देर शाम तक जब वह वापस कंपनी से घर नहीं आई तो परिजनों को चिंता सताने लगी। युवती के मोबाइल पर संपर्क किया गया तो उसका फोन भी स्विच ऑफ हो गया था। फोन बंद होने पर परिजन और परेशान हो गए थे और मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी।