हरियाणा के फरीदाबाद की औद्योगिक नगरी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं शुक्रवार रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने सेक्टर 82 ग्रेंड्यूरा बीपीटीपी निवासी सुधीर के पेट पर तमंचा अड़ा कर उनकी कार लूट ली। बदमाश कार के साथ उनका मोबाइल, रुपयों, एटीएम कार्ड आदि कागजात से भरा वालेट भी लूट ले गए। पुलिस ने छिनैती की धारा में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुधीर चौधरी के मुताबिक शुक्रवार की रात करीब नौ बजे वह अपनी कार लेकर डब्ल्यूएस मॉल स्थित ठेके से बीयर खरीदने गए थे। उन्होंने दो बीयर खरीदीं इनमें से आधी वहीं पी और घर लौटने लगे। जैसे ही उनकी कार मॉल के मोड़ पर पहुंची एक बाइक पर सवार तीन युवक आगे आ गए।
मजबूरी में उन्हें कार रोकनी पड़ी। उनके रुकते ही बाइक से दो युवक उतर कर आए। उन्होंने कार का शीशा खोल कर पूछा तो एक युवक ने कहा कि उन्होंने कार से उनकी बाइक में टक्कर मारी है। इस दौरान उसने हाथ डाल कर कार की चाभी निकाल दी। दूसरा युवक साइड का दरवाजा खोल कर कार के अंदर घुस आया और उन्हें खींच कर पीछे बैठाने का प्रयास करने लगा।
उन्होंने विरोध किया तो उसने कट्टा निकाल कर उनके पेट में अड़ा दिया और गोली मारने की धमकी देते हुए पीछे बैठने को कहा। जिस बदमाश ने चाभी निकाली थी वह ड्राइवर सीट पर बैठ गया। कुछ दूर जाने के बाद बदमाशों ने उन्हें नीचे उतार दिया और कार लेकर फरार हो गए। उनके पीछे चल रहा बाइक सवार बदमाश भी फरार हो गया। एसएचओ भूपानी ने बताया कि केस दर्ज कर कार और बदमाशों की तलाश की जा रही है।