गीता कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर को बाइक सवार बदमाशों ने जींस कंपनी के कर्मचारी पर डंडे से हमला कर 15 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के समय कर्मचारी कंपनी के रुपये बैंक में जमा करने जा रहा था।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, मनोज (30) गांधी नगर के कैलाश नगर स्थित जींस कंपनी में काम करता है। शुक्रवार दोपहर करीब सवा 12 बजे मनोज कंपनी के 15 लाख रुपये बैग में लेकर बैंक में जमा करने के लिए निकला।
वह पुश्ता होते हुए गीता कॉलोनी के 10 ब्लॉक में सिलाई सेंटर वाले चौक पर पहुंचा। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उसे घेर लिया। एक बदमाश ने उसके सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जबकि दूसरे बदमाश ने पिस्टल निकालकर उसे गोली मारने की धमकी दी। उसके बाद बदमाश उसका बैग छीनकर फरार हो गए।
पुलिस ने आशंका जताई है कि कंपनी में काम करने वाला कोई कर्मचारी लूटपाट में शामिल हो सकता है, क्योंकि बदमाशों ने जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया है उससे लग रहा है कि उन्हें रुपयों के बारे में सूचना दी गई थी।