गर्लफ्रेंड पर खर्च करने के लिए जब पैसे कम पड़ने लगे तो लोगों को लूटना शुरू कर दिया। इसके बाद इनकी यह आदत बन गई। नोएडा फेस-दो थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस ने चार ऐसे ही बदमाशों को गिरफ्तार किया।
सीओ-तृतीय राजकुमार मिश्र ने बताया कि फेस दो थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर लूट की वारदात में शामिल चार लुटेरों को गिरफ्तार कर गैंग का पर्दाफाश किया है। सभी पढ़े-लिखे और कामकाजी हैं।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लुटेरों में दिल्ली के मयूर विहार फेस-1 निवासी प्रदीप दिल्ली यूनिवर्सिटी में तृतीय वर्ष का छात्र है। जब गर्लफ्रेंड पर खर्च करने के लिए पैसे कम पड़ने लगे तो उसने लोगों को लूटना शुरू कर दिया।
मूलरूप से यमुनानगर हरियाणा निवासी हरदीप भी उसके साथ जुड़ा था। वह एक निजी कंपनी में क्वालिटी इंस्पेक्टर है और बरौला में रहता है। इसके अलावा मूलरूप से बुलंदशहर निवासी विजय दुकान चलाता है और सेक्टर-51 में रहता है। उसने कर्ज में होने की वजह से लूट की वारदात में शामिल होने की बात बताई।
वहीं सिकंदराबाद बुलंदशहर निवासी एक अन्य लुटेरा ललित को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी कार से इधर-उधर घूमते रहते थे और जैसे ही कोई सवारी दिखती थी, उसे अपनी कार को कैब बताकर बैठा लेते थे। इसके बाद सुनसान जगह पर ले जाकर उन्हें लूट लेते थे।
यही नहीं कई मामलों में इन्होंने सवारियों के एटीएम से जबरदस्ती पैसे भी निकलवाए। पुलिस ने इनके पास से तीन तमंचे, चाकू, लूटे गए मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड तथा चोरी की एसेंट कार बरामद की है।