नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-78 के अंदरूनी हिस्सों में भव्य वेद वन पार्क का निर्माण कराया है। इसमें तमाम तरह के वेदों की जानकारी व ऋषि मुनियों की प्रतिकृति लगाई गई हैं। अवकाश के दिन इस पार्क में आने वाले लोगों की तादाद काफी रहती है। रविवार को पार्क में आए लोगों ने अपने वाहनों को पार्क के बाहर सड़क किनारे ही पार्क कर दिए। जिससे देर शाम यहां लंबा जाम लग गया। इससे आसपास की कॉलोनियों के लोग यहां फंस गए।
लोगों ने इसकी शिकायत नोएडा ट्रैफिक के हेल्पलाइन नंबर व सोशल मीडिया पर की। इसके बाद हरकत में आई नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने एक टीआई, तीन टीएसआई समेत क्रेन व मार्शल को मौके पर भेज कर जाम को हटाया। टीआई संजय कुमार पाल ने बताया कि रात करीब 9 बजे तक जाम को पूरी तरह से खुलवा दिया गया। अवैध पार्किंग से यह समस्या बनी। इसके अलावा रविवार दोपहर करीब दो बजे फिल्म सिटी फ्लाईओवर से अट्टा अंडरपास तक भी जाम लगा रहा।