कुछ समय से दिल्ली में शांत चल रहे स्वाइन फ्लू ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। स्वाइन फ्लू से लोकसभा के एक कर्मचारी की मौत हो गई। शनिवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल (आरएमएल) ले जाते समय कर्मचारी ने दम तोड़ा।
लोकसभा के एंप्लोई वेलफेयर ऑफिसर किरण भार्गव ने बताया कि जब कर्मचारी दायवाला रमेश (39) को सांस लेने में तकलीफ हुई, तो वह आरएमएल अस्पताल गए और वहां से बीएल कपूर अस्पताल।
मेडिकल जांच में दायवाला रमेश को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। इस बीच उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई। शनिवार शाम लगभग 7 बजे उन्हें फिर राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। दायवाला रमेश लाइब्रेरी में तैनात थे।
कर्मचारियों में वायरस फैलने का डर
बताया जा रहा है कि रमेश की मौत ने कर्मचारियों को डर में ला दिया है कि कहीं वे भी स्वाइन फ्लू के वायरस के संपर्क में न आ गए हों। अंदेशा है कि रमेश को स्वाइन फ्लू की शिकायत कुछ दिन पहले से रही होगी, लेकिन वह इसे लेकर सतर्क नहीं रहे या इसका एहसास नहीं हुआ।