लोकसभा चुनाव की उम्मीदवारी की चाहत आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं के सिर चढ़कर बोल रही है।
दूसरी पार्टियों से अलग होकर आप के साथ आए कई नेता टिकट की उम्मीद में हनुमान रोड स्थित पार्टी कार्यालय व तिलक लेन स्थित पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास के बीच चक्कर काट रहे हैं।
यह भी पढ़ें:AAP की राष्ट्रपति शासन के खिलाफ कोर्ट में याचिका
टिकट चाहने वालों की इसी भीड़ में बृहस्पतिवार सुबह केजरीवाल फंस गए। आखिरकार, उन्हें नसीहत देनी पड़ी कि यहां टिकट नहीं बंट रहा है।
दरअसल, रोजाना की तरह बृहस्पतिवार भी केजरीवाल तिलक लेन स्थित अपने आवास पर दिल्ली-एनसीआर के फरियादियों से मुलाकात कर रहे थे।
यह भी पढ़ें:केजरीवाल और आप को बड़ी राहत, नहीं होगा केस दर्ज
केजरीवाल लोगों की समस्याएं सुनकर उन्हें दूर करने का भरोसा दिला रहे थे। इसी बीच 10-12 लोग वहां पहुंचे। उनके हाथ में लोकसभा की उम्मीदवारी का आवेदन था। लोगों ने केजरीवाल से टिकट देने की गुजारिश की।
अचानक टिकट देने की फरियाद सुनकर केजरीवाल हैरान रह गए। उन्हें कोई जवाब समझ में नहीं आया। फिर थोड़ा संभलते हुए उन्होंने आवेदनकर्ताओं को नसीहत दी कि यहां टिकट नहीं बंट रहा है। लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं। टिकट मांगने के अलावा दूसरी कोई समस्या हो तो उसके बारे में बात की जा सकती है। इसके बावजूद कई लोग काफी देर तक वहां डटे रहे।