लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल को होगा। इससे पहले मंगलवार (9 अप्रैल) को समाजवादी पार्टी के लिए एक बुरी खबर आई है। यही नहीं यह सपा-बसपा गठबंधन के लिए भी बड़े झटके से कम नहीं है। हालांकि यही खबर भाजपा के लिए खुशी लेकर आई है। दरअसल गौतमबुद्ध नगर जिला के दिग्गज सपा नेता और पूर्व मंत्री नरेंद्र भाटी के छोटे भाई विजेंद्र सिंह भाटी मंगलवार को भाजपा में शामिल हो गए।
मंगलवार को विजेंद्र भाटी भाजपा प्रत्याशी महेश शर्मा के मंच पर पहुंचे और पार्टी ज्वाइन कर ली। विजेंद्र के कद का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत के चेयरमैन भी रह चुके हैं। उनका भाजपा में शामिल होना जिले में सपा के कमजोर होने जैसा है।
भाजपा में शामिल होते ही पूर्व जिला पंचायत चेयरमैन ने कहा कि जल्द ही पूर्व मंत्री नरेंद्र भाटी और उनके बेटे आशीष भाटी भी भाजपा में शामिल होंगे। मालूम हो कि भाटी परिवार पिछले 30 साल से जिले में समाजवादी पार्टी का झंडा बुलंद किए हुए है। ऐसे में भाटी परिवार का भाजपा में शामिल होना सपा के लिए पैरों तले जमीन खिसकने जैसा है।
बता दें कि नरेंद्र भाटी आईएएस अधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल को निलंबित करने और अवैध खनन से संबंधित लोगों से जुड़े होने के लिए चर्चाओं में आए थे। सपा की सरकार रहने पर गौतमबुद्ध नगर में भाटी परिवार की धाक रहती थी। परिवार से कोई विधायक हो न हो परिवार ताकतवर रहता था।