गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने अपने चुनाव प्रचार में तेजी लाने की कवायद शुरु कर दी है। इस कड़ी में कांग्रेस ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ अन्य नेताओं की सभा कराने का निर्णय लिया है।
राहुल गांधी शनिवार को गुड़गांव में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान राज्य के प्रभारी गुलाब नबी आजाद, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी मौजूद रहेंगे। वहीं भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की काट में अपने उम्मीदवार राव इंद्रजीत सिंह के चुनाव प्रचार को धार देने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बुलाने का निर्णय लिया है।
योगी आदित्यनाथ सात मई को गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र में सभा को संबोधित करने आएंगे। राव इंद्रजीत सिंह के समर्थन में सभा करने के लिए भाजपा के अन्य नेताओं ने अभी समय नहीं दिया है, जबकि पार्टी के नेता अन्य क्षेत्रों में प्रचार करने के लिए पहुंच रहे है।
लोकसभा चुनाव की तिथि नजदीक आने के साथ ही कांग्रेस ने अपने प्रचार में गर्मी लाने के लिए कमर कसनी शुरू कर दी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को पार्टी के प्रत्याशी कैप्टन अजय यादव के समर्थन में सेक्टर-पांच स्थित हुडा ग्राउंड में जनसभा करेंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में बृहस्पतिवार को संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री राव धर्मपाल, सुखबीर कटारिया के अलावा कैप्टन अजय यादव के पुत्र एवं युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव चिरंजीव राव ने इस संबंध में जानकारी दी। खास बात यह है कि उनकी सभा के लिए भाजपा ने भी सेक्टर-पांच स्थित हुडा ग्राउंड को चुनाव चुना है।