हरियाणा भाजपा के प्रभारी कलराज मिश्र द्वारा रविवार को पृथला विधानसभा क्षेत्र के गांव मलेरना में हुई विजय शंखनाद रैली में लोगों को गोली मारने के बयान को लेकर कांग्रेस विधायक करण सिंह दलाल ने चुनाव आयोग में शिकायत की है। उन्होंने चुनाव आयोग से कलराज मिश्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। दलाल ने यह जानकारी मंगलवार को यहां अपने निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता मेें दी।
दलाल ने कहा कि कलराज मिश्र का ब्यान बेहद ही गलत व निंदनीय है। उन्होंने चुनाव आयोग से मुकदमा दर्ज करने की शिकायत की है। यदि चुनाव आयोग ने कोई सख्त कदम उनकी शिकायत पर नहीं उठाया और मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया तो वे अदालत में भी जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा वे फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र के हर गांव में जाकर कलराज मिश्र के बयान पर लोगों को भाजपा की इस गुंडागर्दी से अवगत करा भाजपा के खिलाफ अभियान चलाएंगे।
दलाल ने कहा कि कलराज मिश्र को समझना चाहिए कि यह हरियाणा है तथा हरियाणा का सबसे जागरूक जिला पलवल है। यहां के लोग ऐसे गोली मारने वाले लोगों का इलाज करना अच्छी तरह से जानते हैं। दलाल लोग इतने कमजोर नहीं है की कोई भी एरा गेरा यहां आकर लोगों को गोली मारने की बात कहे।
उन्होंने कहा कि इस जिले के लोगों ने ऐसे लोगो का समय-समय पर इलाज किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को ऐसे फालतू नेताओं को काब में रखना चाहिए, वरना ऐसे नेताओं का फरीदाबाद संसदीय क्षेत्र के अंदर घुसना तक बंद करा देंगे। ऐसे लोग यहां आने से भी डरने लगेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को भी वे कार्रवाई करने के लिए मजबूर करेंगे।