पानी के बिलों के साथ मुख्यमंत्री के संदेश के जरिये मतदाताओं के बीच अपनी उपलब्धियों को पेश करने के मामले में मुख्य निर्वाचन कार्यालय के निर्देश पर फ्लाइंग स्कवॉड ने नरेला स्थित दिल्ली जल बोर्ड के दफ्तर में कार्रवाई की।
इस दौरान हजारों की संख्या में बिलों के साथ-साथ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से लिखे संदेश की प्रतियां मिली हैं। स्कवॉड ने बोर्ड के दफ्तर के उस कमरे को सील कर दिया है, जहां उपभोक्ताओं को वितरित करने के लिए बिल रखे गए थे।
मुख्य निर्वाचन कार्यालय को एक प्रतिनिधिमंडल ने इस मामले की सोमवार को शिकायत दी थी। इसमें अशोक विहार और नरेला स्थित जल बोर्ड के दफ्तरों में हजारों की संख्या में रखे बिलों के साथ मुख्यमंत्री केजरीवाल के संदेशों का भी हवाला दिया गया था।
इस मामले में संज्ञान लेते हुए फ्लाइंग स्कवॉड ने कार्रवाई कर संदेश सहित कमरे में रखे सभी दस्तावेजों से भरे कमरे को सील कर दिया है। माना जा रहा है कि जल्द ही अन्य दफ्तरों पर भी ऐसी कार्रवाई हो सकती है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर फ्लाइंग स्कवॉड की तरफ से कार्रवाई की गई है। इस सिलसिले में दिल्ली जल बोर्ड ने भी आश्वासन दिया है कि किसी भी बिल के साथ इन संदेशों को नहीं भेजा जाएगा।