लोक सभा चुनाव में विपक्षी दलों के साथ आम आदमी पार्टी (आप) की नजर अपने प्रचार अभियान पर भी रहेगी। इसके लिए पार्टी हर लोक सभा क्षेत्र में दो सदस्यीय टीम का गठन करने जा रही है। टीम प्रचार की तयशुदा कार्ययोजना पर नजर रखेगी।
इसके लिए लोक सभा क्षेत्रों में बने पार्टी कार्यालयों समेत चुनावी रैलियों व नुक्कड़ सभाओं का औचक निरीक्षण करेगी और इसकी रिपोर्ट केंद्रीय इकाई को देगी। इसके हिसाब से पार्टी अपनी चुनावी मुहिम की खामियों को दूर करेगी।
पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि हर लोक सभा क्षेत्र में दो सदस्यीय टीम गठित की जा रही है। जिस लोक सभा क्षेत्र में टीम के सदस्यों को तैनात किया जाएगा, वह उस क्षेत्र के निवासी नहीं होंगे। टीम के सदस्यों की पहचान सार्वजनिक नहीं की जाएगी। फीडबैक टीम की जिम्मेदारी होगी कि वह अपनी लोक सभा क्षेत्र में पार्टी की चुनावी गतिविधि पर नजर रखे।
पार्टी का कहना है कि टीम को देखना होगा कि उसके क्षेत्र में चुनाव अभियान तयशुदा रणनीति के हिसाब से आगे बढ़ रहा है या कहीं कोई अड़चन आ रही है। इसके लिए सदस्य पार्टी कार्यालय, उम्मीदवारों के जन संपर्क अभियान, चुनावी रैलियों आदि का औचक निरीक्षण करेंगे।