Arvind Kejriwal campaigns for Raghav Chadha in South Delhi
- फोटो : ANI
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार सुबह उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में रोड शो किया। उनके साथ पार्टी प्रत्याशी दिलीप पांडेय और कार्यकर्ता मौजूद रहे। शाम को दक्षिणी दिल्ली सीट से प्रत्याशी राघव चड्ढ़ा के साथ वह सड़कों पर घूमे। केजरीवाल ने इस बार आप को पूर्ण राज्य के लिए वोट देने की अपील की।
रोड शो के दौरान केजरीवाल का जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि 2014 में उत्तर पूर्वी दिल्ली के लोगों ने भाजपा को जिताया था। इसके बाद भाजपा सांसद इलाके में दिखाई तक नहीं पड़े। इसकी जगह केंद्र की उनकी सरकार दिल्ली के कारोबारियों को बर्बाद करती रही। दिल्ली सरकार के कामों को भी अटकाया गया। कांग्रेस पर हमला करते केजरीवाल ने कहा कि दिल्लीवाले कांग्रेस का वोट देकर अपना वोट खराब न करें। भाजपा को हराना है तो आप को वोट देना है। कांग्रेस को वोट देने का मतलब भाजपा को जिताना है। केजरीवाल ने वायदा किया कि इस बार सातों सीटें आप जीत गई तो दिल्ली न सिर्फ दो साल में पूर्ण राज्य बन जाएगा, बल्कि उसके विकास के रोड़े भी हट जाएंगे।
बच्चों को रिश्तेदार के घर भेज सास-बहू भी मैदान में उतरीं
उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट का जिम्मा सास-बहू की जोड़ी ने उठा रखा है। वह भी 9 व 5 साल के दो छोटे बच्चों को रिश्तेदार के घर भेजकर। आप प्रत्याशी दिलीप पांडेय की मां विमला पांडेय और पत्नी प्रियंका पांडेय भी चुनावी रण में पूरा साथ दे रही हैं। दोनों अलग-अलग टीमों के साथ प्रचार के लिए घर-घर जा रही हैं। इससे पहले, सुबह 9 साल के बेटे वत्सल व 5 साल की बेटी अगम्या को रिश्तेदार के यहां छोड़ना होता है। फिर वे टोलियों में कैंपेन के लिए निकल जाती हैं।