फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा पर टिका दिल्ली में आप का कांग्रेस से गठबंधन, राहुल गांधी से मुलाकात बेनतीजा

Sun, 07 Apr 2019 05:21 AM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन

कांग्रेस के साथ गठबंधन पर चल रही चर्चा के बीच आम आदमी पार्टी (आप) ने दो टूक कहा है कि वह सिर्फ दिल्ली में समझौता नहीं करेगी। कांग्रेस को हरियाणा पर भी आप से बात करनी होगी। कांग्रेस जितनी सीटों पर लड़ने का दावा दिल्ली में कर रही है, उतनी सीटों उसे आप के लिए हरियाणा में छोड़नी पड़ेगी। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में शनिवार को वरिष्ठ नेताओं की बैठक में इसका फैसला लिया गया। बैठक में पार्टी सांसद संजय सिंह, दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय व वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया भी मौजूद थे। 

विज्ञापन


सूत्रों की मानें तो बैठक में मौजूदा दिल्ली, हरियाणा और पंजाब की सियासी हालात पर चर्चा हुई। वहीं, कांग्रेस के साथ गठबंधन की शर्तों पर भी नेताओं ने अपनी राय रखी। सभी ने माना कि दिल्ली की सातों सीटों पर आप का प्रचार अभियान बेहतर चल रहा है। अभी की हालत में भाजपा व आप के बीच सीधी टक्कर है। ऐसी हालत में एक भी सीट छोड़ने का फैसला कर पाना आसान नहीं होगा। फिर भी, भाजपा विरोधी वोटों को बंटवारा रोककर जीत सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस से चुनाव पूर्व समझौता बेहतर विकल्प है।

सूत्रों का कहना है कि केजरीवाल ने कांग्रेस से हुई अब तक बातचीत पर संजय सिंह की राय जानी। सभी नेता पार्टी के सिर्फ दिल्ली में समझौता न करने के रुख पर कायम थे। आखिर में तय किया गया कि दिल्ली के साथ हरियाणा में भी समझौता करने के लिए कांग्रेस सहमत है तभी बातचीत आगे बढ़ाई जाए। इसके अलावा आप जिस तरह से पूर्ण राज्य के दर्जे का आंदोलन चला रही है, ऐसे में कांग्रेस को सार्वजनिक घोषणा करनी होगी कि सत्ता में आने के बाद वह दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाएगी। 
विज्ञापन


हरियाणा के लिए आप ने मांगी तीन सीटें
सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस दिल्ली में तीन सीटें मांग रही है। इसके एवज में आप का प्रस्ताव है कि कांग्रेस हरियाणा की गुरुग्राम, फरीदाबाद व करनाल सीट आप के लिए छोड़ दे। तीनों सीटों को मांगने का आधार है कि यह दिल्ली से सटी सीटें हैं। आंदोलन के वक्त से ही आप को इन इलाकों से बेहतर समर्थन मिला है। वहीं, इन शहरों मे रहने वाले लोग बड़ी संख्या में दिल्ली आते हैं। कांग्रेस दिल्ली की नई दिल्ली, चांदनी चौक व उत्तर-पश्चिमी दिल्ली संसदीय सीट पर दावा कर रही है।

विज्ञापन

गठबंधन पर कांग्रेस में असमंजस कायम

दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर असमंजस अभी भी बरकरार है। आम  आदमी पार्टी कांग्रेस को जितनी सीट दिल्ली में दे रही है उतनी ही सीट हरियाणा में मांग रही है। वहीं कांग्रेस सिर्फ दिल्ली में गठबंधन करना चाह रही है। ऐसे में दोनों पार्टियों के सुर और ताल अलग-अलग दिखाई पड़ रहे है। हालांकि कांग्रेस का कहना है कि इस मामले में अंतिम फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी करेंगे। 

शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित, राज्य प्रभारी पीसी चाको और अन्य नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। बताया जाता है कि बैठक में जहां शीला दीक्षित ने गठबंधन के नुकसान गिनाए तो पीसी चाको ने गठबंधन से होने वाले फायदों का जिक्र किया। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक राहुल गांधी ने जनार्दन द्विवेदी से इस पर बातचीत करने की बात कही है। उधर, राहुल गांधी से मिलने के बाद पीसी चाको शीला दीक्षित के निवास स्थान पर आयोजित बैठक में पहुंचे। आप के साथ गठबंधन पर बातचीत की। चाको का कहना है कि गठबंधन पर राहुल गांधी ने अभी कोई निर्णय नहीं लिया है। अभी हमलोग गठबंधन पर सिर्फ चर्चा कर रहे है। गठबंधन को लेकर अभी रास्ते खुले हुए है। दूसरे राज्यों में आम आदमी पार्टी से गठबंधन को लेकर कोई चर्चा नहीं हो रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें