दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार बनने और लोकसभा चुनाव में उतरने की घोषणा करने के साथ ही फरीदाबाद लोकसभा चुनाव के टिकट के दावेदारों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है।
फरीदाबाद संसदीय क्षेत्र से अब तक 48 लोगों ने अपनी दावेदारी पेश की है।
इनमें से महज छह लोगों के नामों की ज्यादा चर्चा हो रही है। इनमें एक निजी अस्पताल के डॉक्टर का भी नाम शामिल है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी अपने प्रत्याशियों की तलाश शुरू कर दी है।
बड़ी संख्या में लोग पार्टी की सदस्यता ग्रहण करके टिकट की दावेदारी कर रहे हैं।
नाम न छापने की शर्त पर एक पदाधिकारी ने बताया कि टिकट के लिए अब तक जिन दावेदारों के नाम सामने आए हैं, उनमें पुरुषोतम डागर, डॉ. संदीप गुप्ता, एचएस राणा, पलवल के जिला संयोजक कुलदीप कौशिक व जेएस धारीवाल के नाम शामिल हैं।
खंगाली जा रही है आवेदकों की जीवनपत्री
पार्टी सूत्रों का कहना है कि जिन लोगों ने टिकट के लिए आवेदन किया है, उनकी जांच-पड़ताल की जा रही है।
केंद्रीय कार्यालय में यह काम तेजी से किया जा रहा है। आवेदकों ने जिन समर्थकों के नामों का उल्लेख फॉर्म भरने में किया है, उनसे फोन करके पूछा जा रहा है।