गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट पर 15.37 लाख मतदाताओं के लिए 1525 मतदेय स्थल तैयार है। प्रशासन ने ज्यादातर जगह तैयारी पूरी कर ली है। हालांकि, कुछ जगहों पर अभी बैरिकेडिंग का काम चल रहा है। वहीं, जिले की तीनों विधानसभाओं में पिंक और मॉडल मतदेय स्थल बनाए गए हैं। ताकि, महिलाओं के साथ-साथ बुजुर्ग व अन्य मतदाताओं को अधिक से अधिक मात्रा में मतदान के लिए प्रेरित किया जा सके।
बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से मतदेय स्थलों पर मतदान शुरू होगा। बुधवार को पोलिंग पार्टियां अपने मतदेय स्थल पर पहुंच जाएंगी। मतदाताओं को किसी तरह की दिक्कत नहीं हो, लिहाजा प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। कुल 466 मतदेय स्थलों को क्रिटिकल घोषित किया गया है।
यहां अर्ध सैनिक बलों के साथ अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। मतदान केंद्र से 100 मीटर के क्षेत्र में कोई भी मोबाइल का प्रयोग नहीं कर सकेगा। 200 मीटर दूर वाहनों को रोक दिया जाएगा। मतदान केंद्र के आसपास भीड़ को एकत्र होने नहीं दिया जाएगा। वहीं, दिव्यांग मतदाताओं के लिए 50 मतदेय स्थलों पर ट्राई साइकिल की व्यवस्था रहेगी। वहां धूम्रपान भी नहीं कर सकेंगे।
80 मतदेय स्थलों की होगी वीडियोग्राफी
जिला प्रशासन 80 से अधिक मतदेय स्थलों की वीडियोग्राफी कराएगा। 50 से अधिक मतदेय स्थलों की वेब कास्टिंग की जाएगी। जो केवल आयोग या जिला प्रशासन के अफसर ही देख सकेंगे। ड्रोन से भी मतदान केंद्रों के साथ-साथ क्षेत्र में नजर रखी जाएगी।
पिंक और मॉडल मतदेय स्थल पर विशेष सुविधा
आयोग के आदेश पर पहली बार तीनों विधानसभा में एक-एक पिंक बूथ बनाया गया है। जिन पर पीठासीन अधिकारी से लेकर सहयोगी कर्मचारी महिलाएं होंगी। ये पहल महिला मतदाताओं को जागरूक करने के लिए किया गया है। साथ ही तीनों विधानसभा में एक-एक मॉडल मतदेय स्थल भी बनाए गए हैं। यहां क्रेच से लेकर पानी, बैठने आदि की व्यवस्था होगी।