दिल्ली की सभी सात सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है। दिल्ली पुलिस ने चुनाव आयोग के दिशानिर्देश पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। चुनाव शांति पूर्वक, निष्पक्ष हो और कानून व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए दिल्ली पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। दिल्ली में शांति पूर्वक चुनाव कराने के लिए दिल्ली पुलिस के 61 हजार जवानों के अलावा अतिरिक्त सुरक्षा बलों की 47 कंपनियों को लगाया गया है। इसके अलावा सुरक्षा बलों को सपोर्ट करने के लिए 13 हजार होमगार्ड को भी लगाया गया है।
मतदान के दौरान राजधानी से सटे सभी बार्डर पर शनिवार रात से ही सुरक्षा कर दी गई। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पड़ोसी राज्यों से भी हालात पर नजर रखने के लिए कहा है। दिल्ली पुलिस प्रवक्ता व नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त मधुर वर्मा ने बताया कि मतदान केंद्रों पर किसी भी गड़बड़ी से निपटने के लिए सुरक्षा बलों को दिशा निर्देश दे दिए गए हैं। मतदान संपन्न होने के बाद ईवीएम को स्ट्रांग रूम तक ले जाने और उनकी सुरक्षित रखवाने के लिए भी सुरक्षा बलों की टीमों का गठन कर दिया गया है। मतगणना तक स्ट्रांग रूम (जहां ईवीएम को सुरक्षित रखा जाएगा) की सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मतदान के दौरान किसी भी हमले से निपटने के इंतजाम भी किए गए हैं।
अधिसूचना जारी होने के बाद राजधानी में हुई भारी बरामदगी
इलेक्शन सेल के पुलिस उपायुक्त शरद कुमार सिन्हा ने बताया कि 10 मार्च 2019 को चुनाव आयोग द्वारा अधिसूचना जारी की गई थी। इसी कड़ी में पुलिस ने अब तक कुल 1.41 लाख लीटर शराब बरामद की है। इसके अलावा 694 अवैध हथियार, 3026 कारतूस, 3.73 करोड़ की ड्रग्स, 4.38 करोड़ रुपये की बरामदगी की गई है। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने के दौरान 10497 लोगों को पकड़कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
लोकसभा सीट के अनुसार संवेदनशील बूथों की संख्या
1. चांदनी चौक 67
2. उत्तर-पूर्वी 80
3. पूर्वी दिल्ली 62
4. नई दिल्ली 120
5. उत्तर-पश्चिम 44
6. पश्चिम 50
7. दक्षिण दिल्ली 100
(संवेदनशील बूथों की संख्या-523)
शाम 6 बजे तक डाल सकेंगे वोट
दिल्ली के 1.43 करोड़ मतदाताओं को मतदान के लिए 11 घंटे का वक्त मिलेगा। मतदान से पहले सभी 13819 बूथों पर पूरी तैयारियां कर ली गई हैं ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। दिल्ली के 523 संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा के लिहाज से सुरक्षा कर्मी मुस्तैद हैं। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) कड़ी सुरक्षा में रखी गई, जिससे दिल्ली की सभी सीटों पर अपना भाग्य आजमा रहे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने के लिए मतदाना ईवीएम के बटन का इस्तेमाल कर सकें। इस लोकसभा चुनाव में पहली बार सभी मतदान केंद्रों पर वीवीपैट का इस्तेमाल किया जाएगा।
523 संवेदनशील बूथों पर पुख्ता सुरक्षा के बीच होगी वोटिंग
संवेदनशील बूथों की संख्या बढ़कर 523 हो गई हैं, जहां सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और पैरा मिलिट्री की तैनाती कर दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर विडियो रिकॉर्डिंग, वेब कास्टिंग सहित सुरक्षा कर्मियों की भी पैनी निगाहें होंगी।
25146 बैलट यूनिट के साथ साथ 13819 ईवीएम का होगा इस्तेमाल
लोकसभा चुनाव में इस बार 13819 ईवीएम और इतनी ही संख्या में वीवीपैट का इस्तेमाल किया जाएगा। चुनाव में पारदर्शिता के लिहाज से इस बार पहली बार वीवीपैट का इस्तेमाल किया जा रहा है। वोटिंग के बाद एक संसदीय सीट पर पांच वीवीपैट मशीन का औचक निरीक्षण किया जाएगा ताकि किसी भी तरह का संशय न रहे। चुनाव में 25146 बैलट यूनिट को प्रयोग में लाया जाएगा जबकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए 6125 बैलट यूनिट और 4345 सेंट्रल यूनिट के अलावा 5242 बैलट यूनिट भी रिजर्व रखे गए हैं।
वोटिंग के लिए होंगे 17 पिंक, 70 मॉडल बूथ
चांदनी चौक क्षेत्र में दो, उत्तर पूर्वी दिल्ली में एक, पूर्वी दिल्ली में 10, नई दिल्ली में एक, उत्तर पश्चिम में एक, पश्चिमी दिल्ली में एक, दक्षिणी दिल्ली में एक पिंक बूथ बनाया गया है।
दिल्ली की सभी 7 सीटों पर आज ही वोट डाले जा रहे हैं। 2014 में भाजपा ने इन सातों सीटों पर कब्जा किया था। चांदनी चौक सीट पर वोटिंग के लिए खड़े मतदाता।
पूर्व क्रिकेटर और पूर्वी दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार गौतम गंभीर पत्नी के संग वोटिंग करने पहुंचे। गंभीर के सामने आप से आतिशी मार्लेना और कांग्रेस से पूर्व मंत्री अरविंदर सिंह लवली मैदान में हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने भी सजग मतदाता का फर्ज निभाते हुए सुबह-सुबह ही मतदान किया। उन्होंने गुरुग्राम के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया।
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर में मतदान किया।
राष्ट्रपति भवन में बनाए गए मतदान केंद्र में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मतदान किया ।
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और उत्तर पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार शीला दीक्षित ने निजामुद्दीन पूर्व में मतदान किया।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा:
सुप्रभात दिल्ली। वोट डालने जरूर जाना। जिसने आपके काम किए उनको वोट देना। नफरत और जहर फैलाने वालों को और दिल्ली के काम रोकने वालों को वोट मत देना। आपका वोट देश बदल सकता है।
फरीदाबाद की जवाहर कॉलोनी के होली चाइल्ड स्कूल में ईवीएम खराब होने से मतदाताओं को वापस भेजा गया। शहर के कई मतदान केन्द्रों पर ईवीएम खराब होने या चालू नही होने से कई केन्द्रों पर 8 बजे तक भी मतदान शुरू नहीं हो सका। सारन स्कूल में मतदान शुरू न होने के कारण हंगामा भी हुआ।
नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र की विधानसभा संख्या 50 ग्रेटर कैलाश पोलिंग स्टेशन संख्या 3 की मशीन खराब है। एक भी वोट नहीं डाला गया है। नई दिल्ली एनपी बंगाली गर्ल्स स्कूल में 18 नंबर बूथ पर ईवीएम खराब। पोलिंग स्टेशन 102, जहांगीरपुरी में वीवीपैट काम नहीं कर रहा। दिल्ली में आप उम्मीदवार दिलीप पांडेय ने वोट डाला
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने औरंगजेब लेन बूथ पर वोट डाला। इस दौरान उनके साथ अजय माकन भी थे। वोट डालने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि जनता के मुद्दे पर चुनाव लड़ रहे हैं। बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और किसानों के मुद्दों पर चुनाव लड़ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना भी साधा।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष और उत्तर-पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार मनोज तिवारी ने यमुना विहार के मतदान केंद्र 60 पर डाला वोट। उनके खिलाफ कांग्रेस की शीला दीक्षित और आप के दिलीप पांडे मैदान में हैं।
वोट डालने के बाद आप उम्मीदवार आतिशी
- फोटो : एएनआई
पूर्वी दिल्ली से आप उम्मीदवार आतिशी ने जंगीपुरा में कमला नेहरू सरकार सर्वोदय विद्यालय में मतदान केंद्र पर वोट डाला। वह भाजपा के गौतम गंभीर और कांग्रेस के अरविंदर सिंह लवली के खिलाफ मैदान में हैं।
अरविंद केजरीवाल ने किया मतदान
- फोटो : एएनआई
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिविल लाइन्स के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल अपने पूरे परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसी पार्टी को वोट दिया है जो दिल्ली के विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए काम करती रही है और आगे भी करेगी। इसके साथ ही उन्होंने दिल्लीवालों से अपील की कि लोग आलस छोड़ें और ज्यादा से ज्यादा वोट दें। उस पार्टी को वोट न दें जो लोगों को बांटने का काम करती है बल्कि उसे वोट दें जो विकास के लिए काम करती है।
दिल्ली में सुबह 10 बजे तक 8 फीसदी मतदान हुआ है। दिल्ली के सबसे बुजुर्ग मतदाता 111 वर्षीय बचन सिंह ने संत गढ़ के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज ने नई दिल्ली के औरंगजेब लेन में किया मतदान।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने निर्माण भवन में वोट डाला। इस दौरान उनके साथ दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित भी थीं।
पूर्व क्रिकेटर कपिल देव पत्नी रोमी और बेटी अमिया के साथ दिल्ली के डीपीएस मथुरा रोड के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे।
दिल्ली के लोधी एस्टेट में सरस्वती पटेल पब्लिक स्कूल के एक मतदान केंद्र पर प्रियंका गांधी वाड्रा और रॉबर्ट वाड्रा ने वोट डाला। प्रिंयका गांधी ने वोट डालने के बाद कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए यह चुनाव महत्वपूर्ण है। भाजपा सरकार जा रही है, जनता आक्रोश में है। देश को बचाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
पूर्व केंद्रीय डॉ. हर्षवर्धन ने अपनी परिवार के संग मतदान किया।
105 साल की मीना देवी ने दिलशाद गार्डन के पोलिंग बूथ पर दिया वोट।
देश की राजधानी दिल्ली में लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 7 संसदीय सीटों पर दोपहर 12 बजे तक 19.55 फीसदी मतदान हुआ है।
दक्षिण दिल्ली से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार राघव चड्ढा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगम विहार के मतदाता केंद्र पर घूम रहे थे, एक शख्स ने चार बार मतदान किया। हमने 8-10 ऐसे लोगों की पहचान की और एक को रंगे हाथों पकड़ा भी। रमेश बिधूड़ी यहां बुरी तरह हार रहे हैं इसलिए इस तरह के दांवपेच चल रहे हैं।
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने दिल्ली के एनपी प्राथमिक विद्यालय के कामराज लेन में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
पूर्वी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र के मयूर विहार फेज -3 के एक मतदान केंद्र के बाहर के मतदाताओं की तस्वीर
नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत और मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने दिल्ली में मतदान किया।
देश की राजधानी दिल्ली में लोकसभा चुनाव के छठे चरण में सात संसदीय सीटों पर दोपहर 1 बजे तक 33.13 फीसदी मतदान हुआ है।
एयर चीफ मार्शल बीरेंद्र सिंह धनोआ और उनके परिवार ने निर्वाण भवन में बनें मतदान केंद्र पर वोट डाला।
दिल्ली में दोपहर तीन बजे तक 36.73 प्रतिशत मतदान हुआ है।
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और उनकी पत्नी ऊषा ने निर्वाण भवन मतदान केंद्र पर वोट डाला।
सपना चौधरी ने मतदान करने के बाद अपनी फोटो शेयर की है।
दिल्ली में शाम 5 बजे तक 54.88 प्रतिशत मतदान हुआ है।
दिल्ली में शाम 6 बजे तक 55.48 प्रतिशत मतदान हुआ है।
लोकतंत्र के महापर्व में रविवार को दिल्ली फर्स्ट डिवीजन पास हुई है। सातों सीटों के प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद हो गया है। कई मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लंबी लाइन लगी रहीं। देर शाम तक 60.2 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। हालांकि, पिछले लोकसभा चुनाव के 65 फीसदी की तुलना में इस बार का मत प्रतिशत कम रहा।
रविवार को पूरी दिल्ली में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। शुरू के बाद पहले दो-तीन घंटों में निर्माण भवन, बसंत विहार, सरोजनी नगर, यमुना विहार जैसे कई इलाकों में ईवीएम खराबी की शिकायतें भी आईं। इससे कुछ देर के लिए मतदान प्रक्रिया बाधित हुई। दिल्ली की सातों सीटों पर 164 उम्मीदवार मैदान में है। सुबह 7 बजे से दिल्ली 2,700 पोलिंग स्टेशन के 13,819 पोलिंग बूथ पर मतदान शुरू हो गया।
मतदाताओं की सहूलियत के लिए हर विधानसभा में चुनाव कार्यालय में एक-एक आदर्श मतदान केंद्र बनाया था। वहीं, पिंक बूथ नाम से 17 मतदान केंद्र पर सिर्फ महिला स्टाफ लगाया गया था। पूरा इंतजाम दिल्ली में 1.43 करोड़ मतदाताओं को लोकतंत्र के महापर्व में भागीदार बनाने का था।
रविवार को मतदाता सुबह से ही वोटर पोलिंग बूथ पर पहुंचने लगे थे। यह सिलसिला शाम 6 बजे के बाद भी चलता रहा। छह बजे तक जितने मतदाता लाइन में लग गए थे, उन्होंने देर शाम तक वोट दिया। चुनाव अधिकारियों का कहना है कि लगातार दूसरी बार मतदान प्रतिशत 60 फीसदी से ज्यादा रहा। लेकिन पिछले चुनाव से कम मतदान होने से अधिकारी संतुष्ट नहीं हैं। अधिकारियों का कहना है कि वोट कम पड़ने की चुनाव कार्यालय समीक्षा करेगा।
----
कब पड़े कितने वोट:
चुनाव वर्ष मतदान
2019 60.2
2014 65
2009 51.85
2004 47.09
1999 43.54
1998 51.29
1996 50.62
1991 48.52
1989 57.05
---
(नोट: आंकड़े प्रतिशत में)