गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार राव इंद्रजीत सिंह को गांव डूंडाहेड़ा में मंगलवार को वोट मांगने के दौरान कुछ लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। सभा में उनके भाषण के दौरान कुछ युवकों ने उनसे क्षेत्र में कराए गए कार्यों का ब्यौरा मांगना शुरू कर दिया।
तभी राव इंद्रजीत ने कहा कि वह चुनाव प्रचार करने आए हैं, बेइज्जती करवाने नहीं। उन्हें राव इंद्रजीत को वोट नहीं करना तो न करें, लेकिन देश हित के लिए मतदान जरूर करे।
राव इंद्रजीत सिंह मंगलवार को अपने समर्थकों के साथ गांव डूंडाहेड़ा में सभा संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान जब राव इद्रजीत सिंह सभा को संबोधित करने लगे तो कुछ युवक खड़े हो गए और उनसे क्षेत्र के विकास के संबंध में सवाल करने लग गए।
तभी राव इंद्रजीत सिंह के समर्थकों ने उन्हें चुप करवाने का प्रयास किया, लेकिन युवक अपने सवाल का जवाब देने की मांग करते रहे। इस बीच राव इंद्रजीत भड़क उठे और सवाल किया क्या उन्हें बेइज्जत करने के लिए बुलाया गया है।
उनके सभी सवालों के जवाब बाद में मिल जाएंगे। जनता उन्हें पसंद नहीं करती तो न करे, लेकिन वह देश हित के लिए वोट तो कर सकते हैं। अगर निजी किसी की बात है तो बाद में विधायक के चुनाव होंगे, मेयर के चुनाव होंगे तब अपनी समस्या बता देना, लेकिन देश को इसकी सजा नहीं देनी चाहिए।
आज हमारा देश उभरकर सामने आ रहा है और लोग इसकी टांग खींचना चाहते हैं। जो लोग टांग खींचना चाहते हैं उन्हें किनारे कर दो।