उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ताहिरपुर स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशलिएटी अस्पताल में शराब के नशे में धुत एक कर्मचारी ने कोविड-19 वार्ड में घुसने का प्रयास किया। गार्ड ने रोका तो वह हंगामा करने लगा। कर्मचारी ने तोड़फोड़ कर गार्ड पर हमला कर दिया।
आरोपी ने ऑक्सीजन सिलिंडर भी फर्श पर पटक दिया, जिससे वह लीक होने लगा। इससे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह आरोपी को काबू कर सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, बागपत (यूपी) निवासी रोहित कुमार राजीव गांधी अस्पताल में गार्ड है। फिलहाल उसकी ड्यूटी कोविड-19 वार्ड में लगी हुई है। सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे गैस प्लांट में काम करने वाला पंकज शुक्ला नामक युवक वहां पहुंचा। वह जबरन कोविड वार्ड में घुसने लगा।
गार्ड ने रोका तो वह खुद को अस्पताल का स्टाफ होने की बात कर गार्ड से बदसलूकी करने लगा। रोहित ने कहा कि वह अंदर नहीं जा सकता है, अंदर खतरा है। इस बात पर आरोपी भड़क गया और रोहित से मारपीट करने लगा।