राजधानी में टिड्डियों के पुन: प्रवेश को लेकर प्रशासन द्वारा दिल्ली के सभी जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, दक्षिणी व पश्चिमी जिले को प्रशासन द्वारा हाई अलर्ट पर रखा गया है।
इसके साथ ही टिड्डियों के दल से निपटने के लिए अधिकारियों को दवाई का छिड़काव समेत अन्य इंतजाम करने के आदेश दिए गए हैं। इस बाबत पर्यावरण मंत्री गोपाल राय द्वारा अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें पहले भी दिशा निर्देश भी दिए जा चुके हैं।
दरअसल, शनिवार को गुरुग्राम के रास्ते टिड्डियों को एक छोटा दल दिल्ली में प्रवेश कर गया था। जिसके बाद राजधानी के कुछ जिलों में अफरा तफरी मच गई थी। इस बीच एहतियातन लोगों ने अपने घरों के दरवाजे व खिड़कियों को बंद कर सुरक्षा के उपाय भी किए थे।
वहीं, कुछ जगहों पर लोगों ने थाली पीटने के साथ तेज आवाज में संगीत भी बजाया था। जिसकी ध्वनी से डरकर टिड्डियों दल चला जाए। हालांकि, प्रशासन का मानना है कि बेशक शनिवार को टिड्डियों का दल बिना नुकसान पहुंचाए दक्षिणी दिल्ली से होकर गुजर गया हो, लेकिन दल एक बार फिर कभी भी प्रवेश कर सकता है।
इसलिए अधिकारियों को पूरे बंदोबस्त के साथ रहने के लिए कहा गया है। वहीं, लोगों से भी अपील की गई है कि वे अपने अपने घरों के खिड़की व दरवाजे बंद कर रहे।
यदि टिड्डियों का दल लोगों के घर के पास पहुंचता है तो वह किसी माध्यम से तेज आवाज करके टिड्डियों के दल को भगा सकते हैं। गौलतलब है कि पिछले डेढ़ महीने से पाकिस्तान की ओर से टिड्डियों का दल भारत में प्रवेश कर रहा है और अपने रास्ते में आने वाले राज्यों की फसले खाकर बर्बाद कर रहा है।