-मंदिर मार्ग थाने में दी गई शिकायत, फर्जी डीडीए पेपर से एक्सिस फाइनेंस से ठगी का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका के एक फ्लैट को तीन अलग-अलग बैंकों में गिरवी रखकर करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है। एक्सिस फाइनेंस लिमिटेड की शिकायत पर मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन में तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों पर धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल और आपराधिक साजिश के तहत केस दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार सोनिया विहार, करावल नगर निवासी आरोपी हिमांशु शर्मा, संजय शर्मा और जतिन ने जुलाई 2025 में शहीद भगत सिंह अपार्टमेंट, सेक्टर-14, द्वारका फेज-2 के फ्लैट नंबर-335 को खरीदने के लिए लोन मांगा था। आवेदन के साथ डीडीए के अलॉटमेंट लेटर, पजेशन लेटर समेत कई कागजात लगाए गए। कंपनी ने वेरिफिकेशन के बाद 20 सितंबर 2025 को 48,76,000 रुपये का लोन मंजूर कर दिया और 34,30,000 रुपये विक्रेता एस.पी. यादव को बैंकर्स चेक से दे दिए। 13 अक्टूबर को रजिस्टर्ड सेल डीड पर फ्लैट गिरवी रखा गया।
लोन के बाद शक होने पर कंपनी ने दोबारा जांच की तो खुलासा हुआ कि इसी फ्लैट पर जना स्मॉल फाइनेंस बैंक और केनरा बैंक से भी उसी अवधि में लोन लिया है। मौके पर फ्लैट आरोपियों के कब्जे में नहीं था, वहां रेनोवेशन चल रहा था और अनिल कुमार नाम का व्यक्ति वहां पर काबिज मिला। सब-रजिस्ट्रार से मिली प्रमाणित प्रति में कई विवरण हाथ से लिखे थे, जबकि आरोपियों के दस्तावेज टाइप्ड थे। इस मामले की पुलिस जांच कर रही है।