नोएडा के जिला अस्पताल में सोमवार सुबह स्त्री रोग विभाग की ओपीडी लाइन में एक गर्भवती फर्श पर बैठी हुई थी। उसने बताया कि वह सुबह 8 बजे से लाइन में लगी हैं। 9:30 बज गए लेकिन डॉक्टर नहीं आईं। कई अन्य ओपीडी में भी डॉक्टर नहीं पहुंचे थे। अमर उजाला संवाददाता सौम्य मिश्र और फोटोग्राफर राजन राय ने इसकी जानकारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) को देनी चाही तो पता लगा कि वह भी अभी तक नहीं आए हैं। स्टाफ ने बताया कि सीएमएस सुबह 10 बजे के बाद ही अस्पताल पहुंचते हैं।
सुबह 9:15 बजे
ईएनटी ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी लाइन लगी हुई थी। कुछ मरीजों ने बताया कि लाइन में लगे एक घंटे से ज्यादा का समय हो गया है लेकिन डॉक्टर नहीं है।
सुबह 9:30 बजे
स्त्री रोग विभाग की ओपीडी में एक भी डॉक्टर नहीं बैठी थी। मरीजों की लंबी लाइन लगी हुई थी। एक गार्ड का कहना था कि डॉक्टर राउंड पर हैं। अब ऐसे में सवाल यह उठता है कि अस्पताल में सुबह 8 बजे डॉक्टरों के पहुंचने का समय है। राउंड के बाद भी कोई भी डॉक्टर 9:30 बजे तक ओपीडी में क्यों नहीं पहुंचा? ऐसे में स्पष्ट है कि डॉक्टर देर से अस्पताल पहुंचते हैं।
सुबह 9:40 बजे
अल्ट्रासाउंड कक्ष लॉक था। अल्ट्रासाउंड की तारीख देने वाले कर्मचारियों ने बताया कि डॉक्टर अभी नहीं आई हैं। मरीजों ने बताया कि करीब डेढ़ घंटे से वह इंतजार कर रहे हैं।
सुबह 10 बजे
सीएमएस अपने कार्यालय में नहीं थे। स्टाफ ने बताया कि वह 10 बजे के बाद आते हैं। मरीजों का कहना था कि जब सीएमएस ही समय पर नहीं आते तो डॉक्टर भी इसका फायदा उठाते हैं।
डेढ़ घंटे से इंतजार कर रही हूं
सुबह 8 बजे से लाइन में लगी हूं। करीब डेढ़ घंटे हो गए लेकिन डॉक्टर अभी तक नहीं आई हैं।
- रिंकी, अशोक नगर, दिल्ली
देर से ओपीडी में बैठती हैं डॉक्टर
काफी वक्त हो गया लेकिन डॉक्टर का पता नहीं है। पहली बार ऐसा नहीं हुआ। डॉक्टर देर से ओपीडी में बैठती हैं। कई बार तो नंबर आते-आते डॉक्टर चली जाती हैं।
- रीना, सेक्टर-11
कोई नहीं बताता, डॉक्टर कब आएंगी
कान में तकलीफ है। एक घंटा हो गया लाइन में लगे। कोई यह भी नहीं बताता कि डॉक्टर कब आएंगी?
- सूर्यप्रकाश, बरौला
रोज का यही हाल है
अस्पताल में रोज का यही हाल है। मरीज इंतजार करते रहते हैं और डॉक्टर आराम से आते हैं।
- गुड़िया, सेक्टर 62