-फाउंडेशनल लर्निंग स्टडी मार्च के अंत में होगा आयोजित
-देशभर के 10 हजार से अधिक स्कूलों में होगा आकलन
-एनसीईआरटी परख कार्यक्रम के तहत फाउंडेशनल लर्निंग स्टडी करेगा आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राष्ट्रीय शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के परख कार्यक्रम के अंतर्गत मार्च के अंत में फाउंडेशनल लर्निंग स्टडी 2026 आयोजित होगी। अध्ययन का उद्देश्य तीसरी कक्षा के छात्रों की बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक क्षमताओं का आकलन करना है। देशभर के 10 हजार से अधिक स्कूलों से यह आंकलन किया जाएगा। ऐसे में सीबीएसई ने स्कूलों को सैंपल लेने के लिए तय किए गए स्कूलों को मूल्यांकन की तारीखों पर खुले और काम करते रहने के लिए कहा है।
इस बार अध्ययन को पारंपरिक ओएमआर आधारित पेपर-पेन पद्धति के बजाय पहली बार टैबलेट आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आयोजित किया जाएगा। अध्ययन के तहत देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 776 जिलों में स्थित 10,000 से अधिक स्कूलों और लगभग 1 लाख छात्रों को शामिल किया जाएगा। इसमें सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त तथा निजी स्कूलों को नमूना पद्धति के आधार पर चुना गया है। सीबीएसई ने अपने संबद्ध सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से अनुरोध किया गया है कि निर्धारित तिथियों पर विद्यालय खुले रखें और अध्ययन के लिए आने वाली मूल्यांकन टीमों को पूरा सहयोग प्रदान करें।