करीब दो करोड़ रुपये की परियोजना के तहत 324 एलईडी फ्लड लाइट और 36 स्वचालित प्रकाश नियंत्रण पैनल लगाए जाएंगे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी के रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए स्टेशन परिसर, रेलवे यार्ड, प्रवेश-निकास क्षेत्रों और आसपास के हिस्सों में नई हाईमास्ट और एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। उत्तर रेलवे की करीब दो करोड़ रुपये की परियोजना के तहत दिल्ली में 16 मीटर ऊंचाई वाले 36 हाईमास्ट लगाए जाएंगे।
प्रत्येक हाईमास्ट पर नौ एलईडी फ्लड लाइट लगेंगी। इस तरह कुल 324 फ्लड लाइट और 36 स्वचालित प्रकाश नियंत्रण पैनल लगाए जाएंगे। हाईमास्ट में विमानन संकेत के लिए एलईडी आधारित प्रकाश की व्यवस्था भी होगी।
परियोजना के तहत आनंद विहार टर्मिनल, पटेल नगर, दयाबस्ती, नरेला, आदर्श नगर, ओखला, शिवाजी ब्रिज और तिलक ब्रिज पर काम होगा। कुछ स्थानों पर सामान्य सड़क प्रकाश व्यवस्था भी मजबूत की जाएगी। बिजली आपूर्ति के लिए करीब 2,800 मीटर केबल बिछाई जाएगी। सुरक्षा के लिए हाईमास्ट के आसपास भारी क्षमता वाली बाड़, जाल, बंद होने वाला प्रवेश द्वार और चेतावनी संकेत लगाए जाएंगे। पर्याप्त रोशनी से रात में यात्रियों और रेल कर्मचारियों की आवाजाही अधिक सुरक्षित होगी।