हवा की रफ्तार में बदलाव और रविवार शाम हल्की बारिश की वजह से राजधानी में ठिठुरन बढ़ गई है। आने वाले दिनों में पारा और गिरने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम 11.4 और अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 29.1 दर्ज किया गया। वहीं, शाम साढ़े पांच बजे तक 0.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
पिछले 24 घंटों में अधिकतम आर्द्रता का स्तर 100 फीसदी और न्यूनतम 42 फीसदी दर्ज किया गया। रविवार से हवाओं का रुख उत्तर पश्चिम दिशा से पूर्वी दिशा की ओर हो गया है साथ ही हवा की रफ्तार में भी वृद्धि हुई है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हुआ है। इससे दिल्ली में बारिश के आसार बने हैं। सोमवार को भी हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। इस वजह से तापमान में और भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
पालम में अधिकतम तापमान 27.4 और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस, लोदी रोड में अधिकतम तापमान 27.9, न्यूनतम तापमान 10.8 , रिज इलाके में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस, आया नगर में अधिकतम तापमान 28.6, न्यूनतम तापमान 12 .8, नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 29.2 व न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सिय दर्ज किया गया।