देश के सबसे बड़े अस्पताल एम्स में शनिवार को दूसरी मंजिल से नीचे आ रही लिफ्ट गिर गई। इससे पांच लोग जख्मी हो गए। लिफ्ट में 20 लोग थे। इस घटना की जांच के लिए अस्पताल प्रशासन ने कमेटी का गठन कर दिया है।
लिफ्ट में 20 लोग थे, मामले की जांच के लिए कमेटी गठित
पुलिस के मुताबिक हादसा एमएस ऑफिस के पास लिफ्ट नंबर-17 में शनिवार सुबह 9:40 बजे हुआ। लिफ्ट में ऑपरेटर और अस्पताल कर्मियों समेत 20 लोग थे। दूसरी मंजिल से नीचे आते वक्त लिफ्ट तेजी से ग्राउंड फ्लोर पर आकर गिरी। लिफ्ट में फंसे लोगों को काफी जद्दोजहद के बाद निकाला गया। इनमें से पांच घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
एम्स निदेशक का कहना है कि लिफ्ट का कांट्रेक्ट एक निजी कंपनी के पास है। लिफ्ट का मेंटेनेंस 27 फरवरी को ही हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट की मौजूदगी में एक जांच कमेटी का गठन किया गया है। यह हादसे के कारणों का पता लगाकर रिपोर्ट देगी।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस सूत्रों ने लिफ्ट में हादसे के शिकार हुए लोगों में से दो को फ्रैक्चर होने की बात कही है। पुलिस ने बताया कि इस हादसे के पीछे तकनीकी वजह लगती है। पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर लिया है। जांच चल रही है।