दिल्ली-एनसीआर में चढ़ते पारे ने बीते छ: वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शनिवार को राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक 33.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वर्ष 2011 से अब तक तीन मार्च को पारा इतना ऊपर नहीं रहा है। यह तापमान इस सीजन का भी सबसे अधिक तापमान रहा। वहीं रविवार को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़ में आंधी तूफान व मूसलाधार बारिश की संभावना है। इस कारण तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट हो सकती है।
अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक 33.1 पहुंचा
इससे पहले होली के बाद शनिवार को तेज धूप ने लोगों को गर्मी से परेशान कर दिया। तेज गर्मी के कारण पंखे चलने शुरु हो गए। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से डिग्री अधिक 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले छ: सालों में वर्ष 2016 में तीन मार्च को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग के केन्द्रों में सबसे गर्म केंद्र दिल्ली का आयानगर रहा। जहां अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री दर्ज किया गया। विभाग मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान व न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है लेकिन उसके बाद अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री गिरने की संभावना है।
ऐसा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़ में आंधी तूफान व मूसलाधार बारिश की दस्तक के कारण होगा। हालांकि उसके बाद मौसम साफ होगा। मौसम विभाग की मानें रविवार को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
वर्ष अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
2017 29.0 13.0
2016 33.0 16.0
2015 22.0 13.0
2014 22.0 11.0
2013 27.0 12.0
2012 29.0 12.0
2011 25.0 14.0
नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में। मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़े।