दिल्ली के उपराज्यपाल के तौर पर शनिवार को अनिल बैजल ने शपथ ले ली। दिल्ली हाई कोर्ट की मुख्य न्यायधीश चीफ जी. रोहिणी ने बैजल को पद व गोपनीयता की शपथ दिलायी। राजनिवास पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी, विधान सभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल समेत विधायक मौजूद थे।
शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से बात करते हुये अनिल बैजल ने पहले राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। साथ ही दिल्ली सरकार के साथ रिश्ते सुधारने के बारे में उन्होंने कहा कि वह किसी तरह की कयासी बातों में नहीं पड़ना चाहते। दिल्ली सरकार के साथ बैठकर बात करके देखेंगे कि क्या होता है।
हमारी कोशिश दिल्ली की समस्याओं को निजात दिलाने की होगी। अनिल बैजल के मुताबिक, हमें उम्मीद है कि चुनी हुयी सरकार के साथ मिलकर काम करेंगे। दिल्ली में बहुत सी समस्यायें हैं। कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, प्रदूषण और बुनियादी सुविधाओं के सुधार पर काम करना है। हम इस सभी समस्याओं पर काम करेंगे।
इससे पहले नजीब जंग के इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति ने दो दिन पहले अनिल बैजल की बतौर 21वें उपराज्यपाल नियुक्ति पर सहमति दे दी थी। पूर्व उपराज्यपाल नजीब जंग के साथ दिल्ली सरकार के कटु रिश्तों के बीच कयास लगाये जा रहे हैं कि नवनियुक्त उपराज्यपाल के साथ दिल्ली सरकार का संबंध कैसा रहेगा।
हालांकि, शपथ ग्रहण समारोह के बाद अनिल बैजल ने अरविंद केजरीवाल के साथ लंबा वक्त गुजारा। इस दौरान दोनों का रूख सकारात्मक नजर आया। केजरीवाल ने ट्वीट कर बैजल का स्वागत किया। साथ ही दिल्ली के विकास के लिये मिलकर काम करने की उम्मीद भी जतायी है।