दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने राजौरी गार्डन उपचुनाव परिणाम को अरविंद केजरीवाल सरकार केदो साल के कार्यों का जनमत संग्रह करार दिया है। माकन ने कहा है कि ये विधानसभा का उपचुनाव है जिसमें आप सरकार के सवा दो साल के कार्यकाल की समीक्षा होगी। हालांकि इसे सीधे तौर पर एमसीडी चुनाव का सेमीफाइनल माकन नहीं मानते हैं।
माकन ने कहा है कि राजौरी गार्डन चुनाव में कांग्रेस बहुत अच्छा करेगी। यहां एमसीडी चुनाव की तरह ही कांग्रेस और बीजेपी की टक्कर है। एमसीडी उपचुनाव में भी 13 में से कांग्रेस ने 6 सीटें जीती थी। लोग कांग्रेस के कार्यों का याद कर रहे हैं, हमें उम्मीद है कि कांग्रेस को लोग चुनकर भेजेंगे।
वहीं राजौरी गार्डन में मतदान प्रतिशत कम रहने, ख्याला व विष्णु गार्डन वार्ड में मतदान प्रतिशत अधिक रहने से खुश हैं। तो वहीं सिख बहुत राजौरी गार्डन और भाजपा की जीत में सहायत बनने वाले टैगोर गार्डन में कम मतदान को लेकर कांग्रेस नेता खुशी जता रहे हैं। उनका मानना है कि मतदान का कम प्रतिशत उनके लिए लाभदायक बनेगा।
राजौरी गार्डन में विधानसभा उपचुनाव हालांकि शांति पूर्ण तरीके से संपन्न हो गया लेकिन आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला जारी रहा। कभी कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी चंदेला के चाचा ससुर की गिरफ्तारी को लेकर चर्चा शुरु हो जाती तो कभी अकाली नेता एवं दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के उपाध्यक्ष हरमनजीत सिंह के भाजपा प्रत्याशी मनजिन्द्र सिंह सिरसा को वोट न देने संबंधी विडियों प्रकाश में आने से विवाद बन जाता।
प्रात: मतदाताओं ने कोई विशेष रुची नहीं दिखाई। हालत यह हो गई कि प्रत्याशियों व उनके समर्थको को पसीना आ गया। वे मतदाताओं के घर-घर जाकर उन्हें पोलिंग बूथ तक पहुंचाने में लगे रहे। गर्मी की हालत को देख मतदाताओं का रूझान कम रहा। झुग्गियों व स्लम बस्तियों के पोलिंग स्टेशनों पर भीड जरूर नजर आई।
इसी दौरान कुछ भाजपा समर्थको ने पीसीआर पर कॉल कर दी कि कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी चंदेला के चाचा ससुर नवाब चंदेला मतदाताओं को वोटो के लिए धमका रहे है। इसके बाद नवाब की गिरफ्तारी की खबर फैल गई। तनाव को देख पुलिस ने इस खबर को गलत बताया।
अभी यह मामला थमा भी नहीं था कि कांग्रेस व आप के समर्थको ने सोशल मीडिया में एक विडियों जारी कर दिया, जिसमें गुरुद्वारा कमेटी के उपाध्यक्ष हरमनजीत सिंह को यह कहते दिखाया गया है कि मनजिन्द्र सिंह सिरसा को वोट न दो।