राजधानी में छोटे मासूम बच्चों को सड़क पर अकेले खेलने भेजना कितना खतरनाक हो सकता है, इसका नमूना गोविंदपुरी इलाके में देखने को मिला। होली वाले दिन गत 13 मार्च को शराब के नशे में धुत एक युवक ने छह साल की मासूम के साथ ग्रामीण सेवा में ले जाकर दुष्कर्म किया।
देर रात को खून से लथपथ मासूम इलाके में मिली। फौरन उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। मामला दर्ज पुलिस आरोपी की पहचान व तलाश करती रही। करीब एक माह बाद किसी तरह पुलिस आरोपी तक पहुंची, उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव हरकौली, उदयपुर, सिद्धार्थ नगर, यूपी निवासी मंतराम उर्फ मंतरा (32) के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक मासूम परिवार के साथ गोविंदपुरी में रहती है।
पिता एक चाय की दुकान पर काम करते हैं। गत 13 मार्च शाम को मासूम घर के पास से खेलते हुए गायब हो गई। परिजन जब तक पुलिस के पास पहुंचे तक तक बच्ची खून से लथपथ मिल गई। मासूम को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।