जीटी करनाल हाईवे पर खाटू श्याम दिल्ली धाम मंदिर के पास बुधवार सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आकर तेंदुआ मर गया। घटना सुबह करीब चार बजे की है। टक्कर लगने के बाद तेंदुए के आगे के दोनों पैर की हड्डी टूट गई थी, जिसके बाद मौके पर ही मर गया। इसकी सूचना एक राहगीर ने पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस के आलाधिकारियों ने सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी।
वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए के निशान की पहचान की। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक यह नर तेंदुआ था और अभी यह वयस्क होने की श्रेणी में था। इसका वजन लगभग 120 किलो से अधिक था। उन्होंने कहा कि तेंदुआ किस ओर से आया होगा, अभी इसका पता नहीं चल सका है। तेंदुआ सड़क पर कैसे पहुंचा वन विभाग इसकी जांच में जुटी है।
विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दो टीम को अलीपुर, बुराड़ी और मुखमेलपुर इलाके में तैनात किया गया है। उन्होंने पहले से मिल रहे तेंदुए की सूचना मिलने की बात को इन्कार किया है। उन्होंने बताया कि लोगों में शेर की अफवाह सुनने को मिल रही थी, इसके बाद वन विभाग की टीम को लगाया गया था। विशेषज्ञों का कहना है कि यह तेंदुआ यमुना नदी को कॉरिडोर बनाकर यहां तक पहुंचा होगा। यह रास्ता भटक गया हो सकता है।
बता दें दक्षिणी दिल्ली के सैनिक फार्म इलाके भी कुछ दिन पहले तेंदुए की दहशत थी। इसके लिए कई दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया था।अलीपुर व मुखमेलपुर गांव में शुरू किया जाएगा जागरूकता अभियान : अलीपुर, बुराड़ी व मुखमेलपुर गांव में वन विभाग वन्यजीवों को लेकर जागरूकता अभियान शुरू करेगा। वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इन गांव में कई बार लोगों में वन्यजीवों को लेकर दहशत फैल जाती है। इससे लोग शोर करने लगते हैं। उन्होंने कहा कि यहां लोगों को वन्यजीव दिखे तो क्या करें और किस तरह अपने आपको बचाए व वन विभाग को सूचना दें। इस बारे में बताया जाएगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
वाहन की टक्कर से तेंदुआ के मरने के मामले में पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट में यदि चोट से मरने की बात सामने आती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को तेंदुए के मरने की सूचना के बाद पुलिस के अलावा क्राइम टीम, वन विभाग की टीम ने पड़ताल की। कुछ लोगों ने दावा किया कि सफेद रंग की स्विफ्ट कार ने तेंदुए को टक्कर मारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।