श्याम पार्क एक्सटेंशन में रविवार रात चोरों ने एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में सेंध लगाकर लाखों का माल उड़ा लिया।
छत की सीढ़ियों का दरवाजा तोड़कर शोरूम में घुसे चोर एलसीडी, कैमरे और लैपटॉप समेत लाखों का माल चोरी कर ले गए। सोमवार को व्यापारियों ने दुकान के बाहर इकट्ठा होकर चोरी पर विरोध जताया।
साहिबाबाद निवासी विनोद निजावन श्याम पार्क एक्सटेंशन में इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम चलाते हैं। रविवार देर रात करीब दस बजे वह दुकान बंद कर घर लौटे थे।
सोमवार सुबह करीब 8 बजे जब उन्होंने दुकान खोली तो अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने फौरन पुलिस को सूचना दी। दुकान से 9 एलसीडी टीवी, 11 कैमरे, 1 लैपटॉप, 90 हजार रुपये व एक मोबाइल फोन गायब था।
छत का गेट मोड़कर चोर अंदर घुसे थे और चोरी करके वे छत के रास्ते ही भाग निकले। चौकी इंचार्ज बाबूराम ने बताया कि शिकायत लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।
नहीं मिली सीसीटीवी फुटेज
दुकान में सीसीटीवी कैमरे तो लगे हुए हैं, पर वह काम नहीं कर रहे थे। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज नहीं मिल सकी है। व्यापारी ने बताया कि तारों में खराबी के चलते सीसीटीवी कैमरे नहीं चल रहे थे, जिसके चलते परेशानी हो रही है।