दिल्ली पुलिस ने जयवीर सिंह चौहान की शिकायत पर 12 फरवरी को रात राकेश चौहान, श्वेता चौहान व एक अन्य अज्ञात शख्स पर हत्या की कोशिश, अनाधिकृत प्रवेश व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज एफआईआर में कहा गया है कि चैंबर तोड़े जाने से नाराज राकेश चौहान ने उस रात करीब 9 बजे गेट नंबर दो के नजदीक बने चैंबर संख्या के-66 में बैठे जयवीर सिंह चौहान पर रिवाल्वर व चाकू से हमला किया।
इस दौरान जयवीर सिंह चौहान के हाथ व उंगलियों में चोट आई। उस समय वहां पर अधिवक्ता निर्मला सिंह, अधिवक्ता वर्षा व अन्य लोग मौजूद थे। यह पूरा वाकिया वहां लगे सीसीटीवी में कैद हुआ था। जयवीर सिंह चौहान को अब अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।
जहां पुलिस ने एक ओर जयवीर सिंह चौहान की शिकायत पर 12 फरवरी को उसकी एफआईआर दर्ज कर ली लेकिन राकेश चौहान की शिकायत पर 13 फरवरी को एफआईआर दर्ज की गई। उसका आरोप है कि जयवीर सिंह चौहान ने खुद फोन कर उसे मिलने बुलाया था। जब वह वहां पहुंचा तो वहां 8-9 लोग थे। चैंबर निर्माण के लिए उसने 50 हजार की घूस मांगी जिससे उसकी बहस हो गई। वहां मौजूद लोगों ने उससे से मारपीट की जिससे उसे सिर व अन्य अंगों में गंभीर चोट लगी हैं। उसे गंभीर हालत में बाड़ा हिंदू राव अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।