नवयुग स्कूल में शुरू हुई विकसित भारत अनुभवशाला, एआई-एआर-वीआर से पढ़ेंगे विद्यार्थी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने सरोजिनी नगर स्थित नवयुग स्कूल में दिल्ली के सरकारी विद्यालयों में पहली एआई, ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर) और वर्चुअल रियलिटी (वीआर) आधारित विकसित भारत अनुभवशाला शुरू की है। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने इसका उद्घाटन किया। कक्षा छह से 10 के विद्यार्थियों को इस लैब के जरिए आधुनिक तकनीक आधारित अनुभवात्मक शिक्षा दी जाएगी।
यह पहल प्रधानमंत्री के डबल एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस व एस्पिरेशनल इंडिया) व विकसित भारत 2047 विजन से प्रेरित है। लैब में आठ वीआर हेडसेट लगाए गए हैं, जिनके जरिए विद्यार्थी 3-डी सिमुलेशन के माध्यम से ऐतिहासिक स्मारकों, सौरमंडल, मानव शरीर रचना, पर्यावरणीय तंत्र व सांस्कृतिक विरासत को समझ सकेंगे।
कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि एआई को केवल विषय नहीं, बल्कि सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा बनाया गया है। एनडीएमसी की निदेशक (शिक्षा) कृतिका चौधरी ने इसे जिज्ञासा, आत्मविश्वास, डिजिटल साक्षरता व समस्या समाधान क्षमता विकसित करने में सहायक बताया। यह लैब विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार व तकनीकी दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है।