दिल्ली एनसीआर में सोमवार देर रात अचानक तेज धूल भरी आंधी के बाद हल्की बूंदाबांदी हुई। जहां दिनभर एक ओर चिलचिलाती धूप और बढ़ते पारे ने शहरवासियों के लिए मुसीबत खड़ी कर रखी है, वहीं रात को अचानक आई तेज आंधी के बाद बारिश ने मौसम बदलकर रख दिया। दरअसल, मौसम विभाग ने सोमवार रात आंधी से पहले ही दिल्ली एनसीआर में आंधी और बारिश की संभावना जताई थी।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक आंधी- तूफान के साथ बारिश होगी जिससे फसलों को भी नुकसान होने की भी संभावना है। मौसम में बदलाव से पहले सोमवार को तापमान में काफी तेजी देखी गई। हालांकि शाम को हल्के बादल छाए रहे और धूल भरी हवाएं चलीं। इसके बाद देर रात को हल्की बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 16 अप्रैल से मौसम में अचानक से बदलाव देखे जाने का अंदेशा था। एक तरफ जहां पिछले दो तीन दिनों से तापमान 40 से लेकर 41 डिग्री सेल्सियस रहा था वहीं मंगलवार से तापमान में छह से सात डिग्री तापमान गिरने के आसार हैं।
इस मौसम की बरसात और हवाएं आम जनजीवन के लिए तो ठीक हो सकती हैं लेकिन किसानों के लिए आफत बन जाएंगी। इस समय किसान गेहूं की कटाई कर रहे हैं। आंधी-तूफान और बारिश होने से खेत में खड़ी फसलें तो खराब होंगी जिनकी कटाई हो चुकी है वह भी खराब हो जाएंगी।
कृषि रक्षा अधिकारी आरएस वर्मा ने बताया कि इस मौसम में बरसात और आंधी तूफान गेहूं की फसल के लिए काफी नुकसानदायक होगा। सरसों की फसल कट गई है लेकिन अभी गेहूं की फसल की कटाई हो रही है और आंधी और बरसात से फसलें खराब हो जाएंगी।