दिल्ली के यात्रियों की मांग के चलते अब दिवाली पर रात दस बजे तक मेट्रो सेवा मिलेगी। हालांकि, सुबह 6 से रात 8 बजे तक हर डेढ़ से दो मिनट व रात 8 से 10 बजे तक आधे घंटे की फ्रीक्वेंसी पर ट्रेन मिलेगी। वहीं, एयरपोर्ट एक्सप्रेस मेट्रो भी रात 10 बजे तक चलेगी।
दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन ने मंगलवार को रात 8 बजे तक ही मेट्रो संचालन की जानकारी दी थी, लेकिन मेट्रो प्रबंध निदेशक मंगू सिंह ने बुधवार को फैसला बदल दिया। उन्होंने डीएमआरसी ऑपरेशनल डिपार्टमेंट को निर्देश में लिखा है कि दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने में सबसे अधिक सहायक होती है।
ऐसे में यदि मेट्रो रात 8 बजे तक चलेगी तो लोग घरों तक कैसे पहुंचेंगे, क्योंकि त्योहारों पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट की दिक्कत रहती है।
डीएमआरसी कम्युनिकेशन के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुज दयाल बताया कि दिवाली पर हर वर्ष रात 8 बजे तक ही मेट्रो संचालन होता था, लेकिन यात्रियों की मांग व सुविधा के लिए बदलाव किया गया है। डीएमआरसी अब हर दिवाली रात दस बजे तक दिल्ली-एनसीआर के रूट व एयरपोर्ट एक्सप्रेस मेट्रो लाइन में ट्रेनें चलाएगी।