- एक साथ 10 वाहनों की फास्ट चार्जिंग सुविधा, 30 मिनट में 80 फीसदी तक चार्ज होंगे वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एनसीआरटीसी ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के आनंद विहार स्टेशन पर अब तक का सबसे बड़ा फास्ट इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन शुरू किया है। यहां एक साथ 10 वाहनों की फास्ट चार्जिंग हो सकेगी।
इस अत्याधुनिक चार्जिंग स्टेशन में 480 किलोवाट क्षमता वाली 10 हाई-वोल्टेज चार्जिंग यूनिट्स स्थापित की गई हैं। इससे एक समय में 10 इलेक्ट्रिक वाहनों को तेजी से चार्ज किया जा सकता है। खास बात यह है कि ये चार्जर चौपहिया वाहनों को लगभग 30 मिनट में 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में सक्षम हैं। साथ ही, यहां भारी व्यावसायिक ई-वाहनों के लिए भी विशेष चार्जिंग प्वाइंट उपलब्ध कराए गए हैं। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए वाहन चालकों को इलेक्ट्रीफाई मोबाइल एप के माध्यम से पंजीकरण कर स्लॉट बुक करना होगा। एप के जरिए उपयोगकर्ता चार्जिंग की रीयल-टाइम स्थिति देख सकते हैं और डिजिटल भुगतान भी कर सकते हैं। आनंद विहार स्टेशन पर इस सुविधा के शुरू होने के साथ ही अब साहिबाबाद, गुलधर, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ और मेरठ साउथ समेत कुल आठ स्टेशनों पर ईवी चार्जिंग उपलब्ध हो गई है। एनसीआरटीसी भविष्य में अन्य स्टेशनों पर भी इस तरह की सुविधाओं के विस्तार की योजना बना रहा है।