भारी बारिश के चलते हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भूस्खलन से राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई रास्ते बंद हो गए। यमुनोत्री राजमार्ग को बहाल नहीं किया जा सका। शिमला में भारी बारिश से पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई, गनीमत रही किसी की जान नहीं गई। भारी बारिश के चलते देश में कई नदियां उफान पर हैं।
विज्ञापन
पहाड़ों के साथ मैदानों में जमकर मेघ बरस रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में भी सोमवार को कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 6-7 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।
शिमला में अधिकारियों ने बताया कि माथु कॉलोनी में पांच मंजिला भवन ध्वस्त हो गया। रविवार रात भवन खाली करा दिया था। फोरलेन की कटिंग के चलते हुए भूस्खलन से भवन को नुकसान पहुंचने का आरोप है। रामपुर की गटूला चोटी पर बादल फटने से सरपारा व गानवी में एक मकान व तीन गोशाला बह गईं। बिलासपुर में महिला की खड्ड में बहने से मौत हो गई। शिमला-चंडीगढ़ राजमार्ग पर पांच जगह पत्थर गिरने से यातायात बाधित हुआ। हिमाचल में 259 सड़कें ठप हैं। प्रदेश में 12 साल बाद सामान्य से अधिक वर्षा हुई है।