चारा घोटाले से लेकर हाल ही में हुए मॉल और मिट्टी घोटाले में घिर चुके लालू यादव और उनका परिवार अब एक नए घोटाले में फंसता नजर आ रहा है। न्यूज चैनल एनडीटीवी का दावा है कि दिल्ली के पॉश इलाके न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में लालू के बच्चों के नाम से एक घर खरीदा गया है, जिसकी कीमत 5 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
चैनल का दावा है कि यह घर लालू के बच्चों तेजप्रताप, तेजस्वी और चंदा के नाम पर है। इसे 2008 में एबी एक्सपोर्ट कंपनी ने खरीदा था और 2010 में इसे लालू के बच्चों के नाम पर ट्रांसफर कर दिया।
गौरतलब है कि एबी एक्सपोर्ट ने टैक्स रिटर्न फाइल में अपनी आमदनी जीरो दिखाई है और घर खरीदने के लिए कंपनी ने पांच अलग-अलग ज्वैलरी कंपनियों से पैसे लिए। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि क्या लालू के घर के लिए ज्वैलरी कंपनियों ने पैसे दिए? खास बात तो ये है कि लालू के बेटे तेजस्वी ने अपने चुनावी हलफनामे में इस घर का कोई जिक्र ही नहीं किया है।