गेंहू की बिजाई के लिए किसान अपनी जमीन को तैयार कर चुके है। लेकिन उन्हें बिजाई के लिए सहकारी समिति पर बीज नहीं मिल पा रहा है। इसकी वजह से क्षेत्र के किसानों में शासन प्रशासन के प्रति नाराजगी पनप रहीं है।
किसान जाकिर, रहमत, कयूम ,नबी खां, जगदीश, रामकिशन, राजेश पटेल आदि ने बताया की इस समय रबी की फसल बुआई का सीजन चल रहा है। बीज के लिए वह कई दिनों से समिति के चक्कर काट रहे है।
लेकिन उन्हें गैंहू का बीज नहीं मिल पा रहा है। सोमवार को क्षेत्र के किसान जब कृषि सहकारी समिति पर बीच के लिए पहुंचे तो वहां पर बीच उपलब्ध नहीं था। जिसकी वजह से क्षेत्र के किसानों को बिना बीज लिए बेरगं लोटना पड़ा।
किसानों का कहना है की उन्हें गैंहू की बोआई के लिए बीज नहीं मिल रहा है। जिसकी वजह से किसानों को बाजार से ऊंची कीमत पर बीज खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
क्षेत्र के किसानों का कहना है कि प्रत्येक साल किसानों को सरकारी खाद-बीज का लाभ समय पर नहीं मिल पाता है। इस कारण वे लोग सरकारी सुविधा का लाभ लेने से वंचित हो जाते हैं।
क्षेत्र के किसानों ने कृषि विभाग से जरूरत के मुताबिक बीज उपलब्ध करवाने की मांग की है। बीज की कमी के बारे में कृषि विभाग के स्थानीय अधिकारी विरेन्द्र कुमार ने कहा इस समय बीज उपलब्ध नहीं है। एक दो दिन में बीज आ जायेगा। जिसके बाद किसानों को कोई दिक्कत नहीं होगी।