मजदूर दिवस पर शुक्रवार को दिल्ली सरकार ने अनूठा उदाहरण पेश किया। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में तीन फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का उद्घाटन मजदूरों ने किया।
इन सभी मजदूरों ने एफओबी निर्माण के दौरान काम भी किया था। खास बात यह कि शिलापट पर मजदूरों का नाम ही लिखा गया है।
इसमें से एक एफओबी एनएच-24 स्थित अक्षरधाम फ्लाईओवर के नजदीक है। इससे पांडव नगर व समसपुर जागीर गांव की आवाजाही आसान होगी।
पांच मजदूरों ने फीटा काट किया उद्घाटन
शकरपुर स्कूल ब्लॉक स्थित एफओबी से लक्ष्मी नगर व रमेश पार्क एफओबी से पुश्ता को क्रॉस करने में सहूलियत रहेगी। इस मौके पर एफओबी के निर्माण कार्य में लगे पांच मजदूरों ने फीता काटा।
साथ ही उनका नाम भी शिलापट पर लिखा गया। इसमें लिखा है कि एफओबी का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की उपस्थिति में संजय, सुलतान, अरुण तिवारी, सलमान, पंकज की मेहनत से संभव हो सका।
इस मौके पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि देश में एक परंपरा बन गई है कि मेहनत मजदूर करते हैं और उद्घाटन नेता। लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार ने इसमें बदलाव किया है।
बड़े निर्माण कार्य का फीता वही लोग काटेंगे
बड़े निर्माण कार्य का फीता वही लोग काटेंगे, जिन्होंने उसे तैयार करने में अहम भूमिका अदा की है। सिसोदिया ने बताया कि प्रत्येक एफओबी को बनाने में औसतन करीब 4.50 करोड़ रुपये खर्च हुआ है।
इससे आम लोगों को काफी सहूलियत होगी। तेज भागते ट्रैफिक के बीच उन्हें सड़क पर दौड़ नहीं लगानी होगी। वाया एफओबी आम लोग सड़क की दूसरी तरफ जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इस एफओबी में राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान खरीदी गई स्वचलित सीढियों को उपयोग में लाया गया है। बता दें कि इससे पहले मयूर विहार फेज-दो के सिग्नल पर बने एफओबी का उद्घाटन भी एक मजदूर ने किया था। उस वक्त भी उपमुख्यमंत्री मौजूद थे।