गौतमबुद्ध नगर में भी 23 सितंबर से आयुष्मान भारत योजना शुरू चुकी है, लेकिन इसके इस्तेमाल को लेकर लोगों में अभी भी भ्रम की स्थिति है। योजना के लिए पात्र लोग पंजीकरण के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। वहीं, जिन लोगों का गोल्डन कार्ड नहीं बन सकता है। ऐसे कई लोग हर रोज आयुष्मान केंद्रों पर योजना का लाभ लेने के लिए पहुंच रहे हैं। इन्हें समझाने में आयुष्मान मित्रों का लंबा समय लग जाता है और काम की प्रक्रिया प्रभावित होती है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने दिशानिर्देश जारी किए हैं।
सीएमओ डॉ अनुराग भार्गव ने बताया कि आयुष्मान योजना के लिए केवल बीपीएल कार्ड धारक ही पात्र हैं। जब गोल्डन कार्ड के लिए लोग आयुष्मान मित्रों के पास जाते हैं तो वह वेबसाइट पर उनका नाम देखकर पात्रता चेक करते हैं। लोग घर बैठे
www.sahis.in नाम की वेबसाइट पर पात्रता चेक कर सकते हैं।
योजना के अंतर्गत 1350 बीमारियां रजिस्टर हैं, जिनका मुफ्त इलाज किया जाता है। वेबसाइट से लोग योजना से जुड़े नजदीकी अस्पताल की जानकारी भी हासिल कर सकते हैं। साथ ही,
हेल्पलाइन नंबर 1800111565 से भी इस संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जिले के नौ निजी अस्पताल इस योजना से जुड़ चुके हैं। साथ ही सरकारी अस्पतालों में से कासना मेडिकल कॉलेज, चाइल्ड सुपर स्पेशियलिटी, जिला अस्पताल इस योजना से जुडे़ हैं।
आयुष्मान योजना से जुडे़ निजी अस्पताल
1- सुरभि अस्पताल नोएडा
2- कैलाश अस्पताल जेवर
3- सत्या अस्पताल नोएडा
4- नवीन अस्पताल दादरी
5 - एरा डिवाइन अस्पताल दादरी
6- मोहन स्वरूप अस्पताल दादरी
7- कैलाश अस्पताल नोएडा
8- तिरुपति अस्पताल नोएडा
9- शारदा अस्पताल ग्रेनो